भाजपा के शासनकाल में हुए व्यापक विकास कार्यों को नहीं नकारें

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 5 जनवरी। अजमेर उत्तर के विधायक व पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. रघु शर्मा को अहंकार त्याग कर जनता की सेवा करने और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार व सुधार पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।
देवनानी ने शनिवार को जारी बयान में कहा है कि डाॅ. शर्मा का यह बयान अहंकार से भरा हुआ है कि वे जिले में छह मंत्रियों पर भारी पडें़गे। उन्होंने डाॅ. शर्मा द्वारा पिछली भाजपा सरकार पर जिले की उपेक्षा करने संबंधी लगाए गए आरोप को सिरे से खारिज करते हुए हास्यास्पद बताया है। देवनानी ने कहा है कि भाजपा के शासनकाल में जितने विकास कार्य अजमेर जिले में हुए, उतने कभी कांग्रेस के शासनकाल में नहीं हुए। इसके बावजूद डाॅ. शर्मा जनता को गुमराह करने के लिए सच्चाई से मुख मोड़ रहे हैं।
देवनानी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में चिकित्सा सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया। इसके बावजूद डाॅ. शर्मा द्वारा प्रदेश के चिकित्सालयों की हालत चिंताजनक बताना पूरी तरह राजनीति से प्रेेरित है। यदि डाॅ. शर्मा को यह लगता है कि वाकई प्रदेश में चिकित्सालयों की हालत चिंताजनक है, तो उन्हें अब चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री होने के बाद अपना पूरा ध्यान इन चिकित्सालयों की हालत सुधारने पर केंद्रित करना चाहिए।
केवल अपने क्षेत्र नहीं, प्रदेश की सोचें-देवनानी ने कहा कि प्रदेश में फैल रहे स्वाइन फ्लू और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पुख्ता व कारगर कदम उठाए जाने चाहिए। डाॅ. शर्मा को केवल अपने क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने की बजाय पूरे प्रदेश के बारे में सोचना होगा, क्योंकि वे केवल एक क्षेत्र के नहीं, पूरे प्रदेश के चिकित्सा मंत्री हैं।
उपेक्षा तो खुद शर्मा ने की-देवनानी ने कहा कि डाॅ. शर्मा ने पिछले साल लोकसभा उप चुनाव जीतने के बाद अजमेर में विकास कार्य की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। जबकि उनके पास काम करने के लिए बहुत समय था। लेकिन डाॅ. शर्मा उप चुनाव के बाद केकड़ी में विधानसभा चुनाव की तैयारी में लग गए। उन्होंने लोकसभा उप चुनाव में जनता से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया। केवल कांग्रेस की बैठक या किसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अजमेर आते थे। एक तरह से उन्होंने अजमेर की पूरी तरह उपेक्षा कर दी थी।
भाजपा के विकास कार्यों पर जनता ने लगाई मुहर-देवनानी ने कहा कि शायद डाॅ. शर्मा यह भूल गए हैं कि अजमेर जिले में हुए व्यापक कार्यों को सराहते विधानसभा चुनाव में जनता ने फिर से भाजपा पर मुहर लगाई, जिससे आठ में पांच सीटों पर भाजपा को काफी अच्छे मतों से जीत हासिल हुई और कांग्रेस को महज दो सीटों से संतोष करना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा शासनकाल में हुए विकास कार्यों पर जनता फिर से मुहर लगाते हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी मतों से जिताएगी।
दो बड़े प्रस्तावों को दिलाएं मंजूरी-देवनानी ने कहा है कि जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के नियंत्रक व मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य अजमेर में करीब दो सौ करोड़ रूपए की लागत से प्रधानमंत्री सुपर स्पेशिएलिटी सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेज चुके हैं। इसी प्रकार अजमेर को मेडिसिटी बनाने का प्रस्ताव भी सरकार को दिया जा चुका है। डाॅ. शर्मा को इन दोनों प्रस्ताव को मंजूरी दिलाकर काम शुरू कराना चाहिए।
आपातकालीन इकाई जल्द शुरू कराएं-देवनानी ने कहा कि डाॅ. शर्मा शुक्रवार को अजमेर के दौरे पर रहे और उन्होंने जिला अधिकारियों की बैठक भी ली, लेकिन भाजपा के शासनकाल में बनी अत्याधुनिक आपातकालीन इकाई शुरू कराने में कोई रूचि नहीं ली। उन्हें यह इकाई जल्द से जल्द शुरू करानी चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जनप्रतिनिधि खुद भी पहल करें-देवनानी ने कहा कि केवल अधिकारियों की बैठकें लेने से कोई भी काम आगे नहीं बढ़ सकता है। इसे तो मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को ही पहल करनी होती है। इसलिए कांग्रेस सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों की यह महत्ती जिम्मेदारी है कि वे बड़े बोल बोलने की बजाय जनता को राहत देने, सुविधाओं का विस्तार कराने और विकास कार्य कराने पर अपना फोकस करें।

error: Content is protected !!