अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले की रौनक बढ़ी

पुष्कर। अन्तर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले की रौनक बढऩे लगी है। महाआरती, दीपदान और अन्नकूट महोत्सव से पुष्कर के माहौल धर्ममयी हो गया है।
कार्तिक मेले का दूसरा दिन विदेशियों के दमखम के नाम पर रहा। ग्रामीण परिवेश की प्रतियोगिताओं के नियमों और बारीकियों के बारे में अनभिज्ञ होने के बावजूद विदेशियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पुष्कर के मेला स्टेडियम में आयोजित सतोलिया मैच में आश्चर्यजनक रूप से फिरंगियों ने भारतीयों को मात दी। इसी तरह पुरुषों के लिए आयोजित लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में पहला स्थान राजस्थान के योगेन्द्र सिंह प्राप्त करने में सफल रहे, लेकिन इसमें भी दूसरे स्थान पर इजराइल का पर्यटक ईयान रहा। केमल डेकोरेशन प्रतियोगिता में हर साल की तरह पुष्कर के अशोक टांक की बादशाहत कायम रही और वे पहला स्थान प्राप्त करने में सफल रहे। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: गनाहेड़ा के नेकीराम और भगवान सिंह रहे। सभी विजेताओं को पर्यटन विभाग की और से प्रमाणपत्र सहित नगद राशि से नवाजा गया।
धार्मिक मेले के अन्तर्गत पुष्कर के मुख्य घाटों पर महाआरती का दौर जारी रहा। वहीं पुराने रंगनाथ मंदिर में भारतीय शास्त्रीय संगीत और कला के कार्यक्रम शुरू हुए। इससे पूर्व तीर्थ गुरू पुष्कर में बुधवार को शुरू हुए अन्तर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले में शाम को गोपाष्टमी पर धार्मिक मेले का शुभारम्भ करते हुए नगर पालिका प्रशासन की ओर से सरोवर के 52 घाटों पर दीपदान का अद्भुत नजारा देखने देशी-विदेशी पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर आयोजित अन्नकूट महोत्सव में संभागीय आयुक्त किरण सोनी गुप्ता, कलेक्टर वैभव गालरिया, मेला मजिस्ट्रेट निशु अग्निहोत्री, पालिका अध्यक्ष मंजू कुर्डिया सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। ब्रह्म घाट पर पुष्कर राज की विशेष पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक कर तीर्थ यात्रियों और विद्यार्थियों ने दीपदान किया। तीर्थ गुरू पुष्कर पुरोहित संघ ट्रस्ट के तत्वावधान में 56 भोग की झांकी सजाई गई और 1 हजार किलो कदम्ब भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के संयोजक श्रवण पारासर, मुख्य ट्रस्टी पुष्कर नारायण, युवा समिति अध्यक्ष गोविन्द पाराशर ने अतिथियों का स्वागत किया।
error: Content is protected !!