विकासोन्मुखी बजट, देश के विकास को मिलेगी नई दिशा-देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 1 फरवरी। अजमेर उत्तर के विधायक व पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने ऐतिहासिक, क्रांतिकारी और शानदार बजट पेश किया है। इसमें युवा, महिला, मजदूर, किसानों, सेना और मध्यम वर्ग सहित सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। यह विकासोन्मुखी बजट पूरी तरह जनता को समर्पित है। इससे देश को सही दिशा में और आगे बढ़ने में गति मिलेगी।
शुक्रवार जारी बयान में देवनानी ने कहा कि यह दृढ़ इच्छाशक्ति का बजट है। यह बजट गरीबों को शक्ति, किसानों को मजबूती, मजदूरों को सम्मान देगा और मध्यम वर्ग के सपनों को साकार करेगा। ईमानदार आयकरदाताओं का गौरव बढ़ेगा। सरकार ने पड़ौसी देश पाकिस्तान और चीन की नापाक हरकतों को देखते हुए सेना को मबजूत बनाने पर जोर दिया है। यही कारण है कि देश के इतिहास में पहली रक्षा बजट 3 लाख करोड़ रूपए का रखा गया है। वित्त मंत्री गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र पर आधारित बजट पेश किया है, जो नए भारत के निर्माण को गति देगा। सरकार ने मध्यम वर्ग, नौकरीपेश और पेंशनर्स को राहत देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाते हुए आयकर की सीमा ढाई लाख रूपए से बढ़ाकर 5 लाख रूपए कर दी है, जिससे देश के करीब 3 करोड़ आयकरदाताओं को लाभ मिलेगा। बचत के लिए निवेश करने पर साढ़े 6 लाख रूपए तक की आय को करमुक्त कर दिया गया है। निवेश होने से देश के विकास को गति मिलेगी।
देवनानी ने कहा कि पहली बार सरकार ने किसानों की सुध ली है। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत दी गई है। प्रधानमंत्री किसान योजना लागू करने का प्रावधान किया गया है। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को प्रतिमाह पेंशन देने की योजना लागू की गई है, जिससे श्रमिकों को जीवनयापन में आसानी होगी। युवाओं के लिए मुद्रा बैंक और मैक इन इंडिया योजना लागू करने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटें-देवनानी ने कहा कि यह बजट निश्चित रूप से देश के विकास की दशा और दिशा बदलेगा। इसलिए यह कहा जा सकता है कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा चार सौ से ज्यादा सीटें जीतेगी और फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। देश की जनता मोदी के नेतृत्व में ही देश की तरक्की देखना चाहती है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। जनता को घर-घर जाकर बजट में किए गए प्रावधानों की जानकारी देना शुरू करें, ताकि कांग्रेस सरकार के खिलाफ कुप्रचार नहीं कर सके। चूंकि यह बजट पूरी तरह देश की जनता को समर्पित है, इसलिए जनता को वास्तविकता से अवगत कराना बहुत जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बूते लोकसभा चुनावों में फिर से भाजपा का परचम लहराएगा।

error: Content is protected !!