दिव्यांगजनों को मिली रोजगार की सामग्री

अजमेर, 01 मार्च। महावीर विकलांग समिति जयपुर द्वारा सूचना केन्द्र में तीन दिन से जारी शिविर का आज समापन हुआ। समिति द्वारा 128 दिव्यांगजनों को रोजगार एवं 200 व्यक्तियों को कान की मशीन वितरित की गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने कहा कि इस तरह के परोपकार के कार्य समाज के लिए एक उदाहरण है। हमें समाज के वंचित व पीड़ित वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए इस तरह के कार्यों से जुड़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा 128 दिव्यांगजनों को रोजगार की सामग्री दी गई। इनमें 28 दिव्यांगों को चाय की होटल का सामान, 70 दिव्यांगों को ढाबे का सामान एवं 30 दिव्यांगों को सिलाई मशीन दी गई। इसी तरह 200 दिव्यांगों को कान की मशीन दी गई। इस अवसर पर समिति के सचिव श्री सुरेश मेहरा सहित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री जय प्रकाश तथा सैंकड़ों दिव्यांग उपस्थित थे।

सामूहिक विवाह के लिए अनुदान राशि स्वीकृत
अजमेर, 01 मार्च। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राजस्थान सामूहिक विवाह एवं अनुदान नियम 2018 के तहत तैलिक वैश्य समाज को सामूहिक विवाह आयोजन के लिए 5.4 लाख रूपए की भुगतान स्वीकृति दी गई है।
विभाग के सहायक निदेशक श्री नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया ने बताया कि तैलिक वैश्य समाज द्वारा 10 फरवरी को 28 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित करवाए जाने पर यह राशि स्वीकृत की गयी।
राजस्थान सामूहिक विवाह एवं अनुदान नियम 2016 के तहत समाज या संस्था को विवाह कार्यक्रम से 10 दिवस पूर्व नियमों में विहित प्रावधान के अनुसार प्रपत्र -03 विवाह आयोजन से 10 दिन पूर्व संलग्न दस्तावेजों के साथ आवश्यक रूप से प्रस्तुत करने होते है। इसके बाद विवाह उपरान्त 15 दिवस के अन्दर-अन्दर विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र आवश्यक रूप से प्रस्तुत करना हाता है। नियमों को नहीं मानने पर आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा एवं अवशेष राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी आयोजक समाज/संस्था की होगी।
उन्होंने सभी समाज व संस्थाओं से आग्रह किया है कि वे उक्त नियमों के अनुसार नियत समयावधि में आवेदन पत्र प्रस्तुत करें ताकि प्रकरणों का निस्तारण किया जा सके।

पुष्कर का डाक बंगला संचालन के लिए तैयार
जिला कलक्टर हस्तक्षेप के बाद स्टाफ की हुई नियुक्ति
अजमेर, 01 मार्च। तीर्थराज पुष्कर में करीब 94 लाख रूपए की लागत से बना डाक बंगला अब संचालन के लिए तैयार हो गया है। यहां जिला कलक्टर के हस्तक्षेप के बाद डाक बंगला संचालन के लिए स्टाफ की नियुक्ति भी कर दी गई है।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने हाल ही में सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए थे कि पुष्कर में डाक बंगले का संचालन तुरन्त शुरू किया जाए। इन निर्देशों के बाद विभाग ने स्टाफ की नियुक्ति कर दी है। विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि डाक बंगले के निर्माण में 94.15 लाख रूपए की लागत आयी है। यहां चार कमरे, डाईनिंग हॉल, मिटिंग हॉल और स्वागत कक्ष का निर्माण करवाया गया है। डाक बंगले के संचालन के लिए पर्याप्त स्टाफ लगाया गया है। डाक बंगला बने हुए काफी समय होने के बाद भी चालू नहीं होने से बाहर से आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कठिनाई आती थी और भवन का उपयोग भी नहीं हो पा रहा था। डाक बंगला चालू होने से सभी को राहत मिलेगी।

पीसीपीएनडीटी की बैठक 8 मार्च को
अजमेर, 01 मार्च। गर्भ धारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत गठित उपखण्ड स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक 8 मार्च को दोपहर 3 बजे कार्यालय संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाए, जोन अजमेर जवाहर रंगमंच के पास आयोजित की जाएगी। चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक ने यह जानकारी दी।

संभाग स्तरीय युवा सांस्कृतिक प्रतिभा खोज महोत्सव का आयोजन 2 को
अजमेर, 01 मार्च। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाईड मण्डल मुख्यालय अजमेर के तत्वावधान में संभाग स्तरीय युवा सांस्कृतिक प्रतिभा खोज महोत्सव – 2019 का आयोजन शनिवार 2 मार्च को सूचना केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। सहायक राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) ने यह जानकारी दी।

error: Content is protected !!