समस्त सैट टॉप बॉक्स की करानी होगी सिडिंग

अजमेर, 19 जून। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट श्री अरविंद कुमार सेंगवा ने समस्त निजी टेलिवीजन केबल ऑपरेटर्स को पाबंद किया कि समस्त उपभोक्ताओं के सैट टॉप बॉक्स की सिडिंग अनिवार्य रूप से पोर्टल पर की जाए।
श्री सेंगवा ने कहा कि एमओएस को अपने समस्त उपभोक्ताओं एवं उनके सैट टॉप बॉक्स की सिडिंग ऑनलाइन करवानी होगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल पर यह सिडिंग की जाएगी। राजस्थान इनफोटेक मिडिया सर्विसेज (आरएम) को आगामी दस दिनों में सिडिंग पूर्ण करने के लिए पाबंद किया गया। निर्धारित समयावधि में सिडिंग पूर्ण नहीं होने की स्थिति में बीट कांस्टेबल, प्रशासन के प्रतिनिधि तथा तकनिकी विशेषज्ञ के संयुक्त दल के द्वारा घर-घर जाकर सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे के माध्यम से प्राप्त केबल कनेक्शनों की सिडिंग के साथ ही संबंधित के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।
उन्होंने कहा कि समस्त एमओएस को अपने यहां स्थापित सब्स्क्राईबर मैनेजमेंट सिस्टम तथा कंडीशनल एक्सीस सिस्टम के संबंध में जानकारी प्रदान करनी होगी। यह जानकारी आगामी दस दिनों में उपलब्ध करवानी होगी।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग में पंजीयन के उपरान्त ही एमओएस एवं एलसीओ कार्य करने के लिए अधिकृत होते है। पंजीकरण के पश्चात प्रतिवर्ष नवीनीकरण आवश्यक रूप से किया जाना चाहिए। नवीनीकरण के अभाव में कार्य करने वालों को अवैध मानते हुए उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। बैठक में नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरलीकृत करने तथा ऑनलाइन करने के संबंध में चर्चा की गई।
श्री शब्बीर हुसैन के प्रार्थना पत्र पर कार्यवाही करते हुए श्री सेंगवा ने निर्देश प्रदान किए केबल उपभोक्ता अपनी पसंद के चैनल चुनने एवं देखने के लिए स्वतंत्र है। उसे बाध्य नहीं किया जा सकता। इसी प्रकार श्री रामलाल द्वारा प्राप्त शिकायत के अनुसार केबल ऑपरेटर टीवी चैनलों का समूह बनाकर उपभोक्ताओं से अधिक राशि वसूलते है। इस पर रोक लगाने के लिए श्री सेंगवा ने निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनिल कुमार, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के उप निदेशक श्री महेश चन्द्र शर्मा, दूरदर्शन के श्री गजेन्द्र सिंह, आकाशवाणी के श्री रामदेव बनेटिया, राजकीय सावित्री कन्या महाविद्यालय के डॉ. उमेश भार्गव, डॉ. लीलाधर सोनी, श्री अरूण अरोड़ा, दयानंद बाल सदन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सोम रत्न आर्य, रेडियंट डिजीटेक के डॉ. अरविंद शर्मा एवं दिनेश चौहान, राजस्थान इंफोटेक के श्री उत्तम खान एवं केबल एसोशिएसन के अध्यक्ष श्री सोहन लाल शर्मा उपस्थित थे।

जरूरतमंदों को दें योजनाओं का लाभ
बैंकर्स की जिला स्तरीय समीक्षा समिति बैठक सम्पन्न
अजमेर, 19 जून। अतिक्ति कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा ने सभी बैंकों को निर्देश दिए हैं कि जरूरतमंदों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बैंक ऋण उपलब्ध कराएं। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत लक्ष्य समय पर पूरा करें।
बैंकर्स की जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आज कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त कलेक्टर (द्वितीय) श्री कैलाश चंद लखारा की अध्यक्षता में सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मार्च 2019 के मुख्य बैंकिंग आंकड़ों की समीक्षा, एनआरएलएम, एनयूएलएम, अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम योजना, विशेष योग्यजन एवं अन्य ऋण योजनाएं, भामाशाह रोजगार सृजन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, संयुक्त देयता समूह, बैंकों की ऋण वसूली सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में वर्ष 2019-20 के लिए जिले के लक्ष्य की वार्षिक साख योजना की पुस्तक का विमोचन श्री लखारा, एल.डी.ओ., आर.बी.आई. श्रीमती नीरा मेहता, नाबार्ड बी.बी. खरबन्दा, अग्रणी प्रबन्धक, एम.एस. रावत, बैंक ऑफ बड़ौदा की वरिष्ठ प्रबंधक श्रीमती अनुजा सिद्धू द्वारा किया गया।
वर्ष 2019-20 का जिले का लक्ष्य 6415.00 करोड़ का दिया जिसे श्री लखारा ने सभी बैंकर्स से अनुरोध किया कि वर्ष 2018-19 लक्ष्य के प्रतिरूप 111.72 प्रतिशत अर्जित किया। उसी प्रकार वर्ष 2019-20 के लक्ष्यों को अधिकाधिक रूप से अर्जित करें जिससे जिले विकास में बैंक का योगदान बना रहे। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

खसरा रूबेला के संबंध में बैठक गुरूवार को
अजमेर, 19 जून। जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में खसरा रूबेला अभियान के आमुखीकरण के संबंध में गुरूवार 20 जून को दोपहर 3.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित होगी।

जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की बैठक अब 20 को
अजमेर, 19 जून। जिला स्तरीय औद्योगिक समिति बैठक गुरूवार 20 जून को दोपहर 12.30 बजे जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने यह जानकारी दी।

अजमेर जिले में वर्षा
अजमेर, 19 जून । जल संसाधन विभाग के अनुसार एक जून से अब तक अजमेर में 12, श्रीनगर में 3, नसीराबाद में 2, बांदरसिदरी में 3, अराई में 16, टॉटगढ़ में 3, सरवाड़ में 61, केकड़ी में 39, सावर में 9 तथा नारायणसागर में 2 एम.एम. वर्षा दर्ज की गई। जिले में अब तक 9.5 एम. एम. औसत वर्षा रिकार्ड की गई है।

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस
ब्यावर में सामुहिक योगाभ्यास सुभाष उद्यान में
ब्यावर, 19 जून । अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्यावर के सुभाष उद्यान राठी पवेलियन में सामुहिक योगाभ्यास किया जाएगा।
उपखण्ड अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधु ने बताया कि शुक्रवार 21 जून को प्रातः 7 बजे से सुभाष उद्यान में योगाभ्यास होगा। इस सामुहिक योगाभ्यास में समस्त विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विद्यार्थी भाग लेंगे। इसमें शारीरिक शिक्षकों को अनिवार्य रूप से भाग लेना होगा। स्वयंसेवी संस्थाओं के द्वारा भी इसमें सहयोग प्रदान किया जाएगा। सामुहिक योगाभ्यास में भाग लेने के लिए समस्त अधिकारियों एवं कार्मिको को पाबंद किया गया है।
उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता, सहायिका एवं सहयोगिनी घर-घर जाकर योगाभ्यास के लिए प्रेरित करेंगे। ब्यावर शहरी क्षेत्र के समस्त शारीरिक शिक्षक 19 जून से ही योगाभ्यास की तैयारी में लग गए है। वे राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में नोडल अधिकारी के नेतृत्व में योगाभ्यास की तैयारी कर रहे है।
उन्होंने बताया कि जवाजा पंचायत समिति के ग्रामीण क्षेत्र में विभागों के समस्त कार्मिक विकास अधिकारी जवाजा के निर्देशानुसार योग दिवस को मनाएंगे।
उन्होंने बताया कि योग दिवस को समारोह पूर्वक मनाने के लिए प्रभारी राजकीय चांदमल मोदी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के डॉ. सौरभ भट्ट एवं डॉ. पारस चौहान, सहायक अभियंता नगर परिषद, तहसीलदार श्री दिनेश शर्मा एवं राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य को बनाया गया है।

error: Content is protected !!