देवनानी ने कांग्रेस पर इतिहास का भी तुष्टीकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता व सुधार पर ध्यान देने की बजाय केवल संघ और राष्ट्रीय विचारधारा को नीचा दिखाने में ही सारी ताकत झोंक दी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता हमारे गौरवशाली इतिहास से छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने शिक्षा राज्य मंत्री डोटासरा द्वारा भाजपा पर राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े विद्याभारती की विचारधारा को किताबों में थोंपने के आरोप पर कहा कि ये तो देशभक्त संगठन है जो भारत की सनातन संस्कृति, संस्कारों तथा समृद्ध परम्पराओं व महापुरूषों के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के कार्य में लगी है जबकि कांग्रेस द्वारा राजीव स्टडी सर्किल के द्वारा तैयार कराया जा रहा पाठ्यक्रम शिक्षाजगत कभी स्वीकार नहीं करेगा।
देवनानी ने कांग्रेस सरकार पर राजनैतिक द्वेष के चलते केवल आर.एस.एस. या राष्ट्रवादी विचारधारा जुड़े शिक्षकों व कार्मिकों के दूर-दराज स्थानान्तरण किये जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उन्हें प्रताड़ित करने के लिए स्थानान्तरण पर कोर्ट के स्टे के बावजूद ज्वाईन नहीं करवा रही है जो कि अन्याय की पराकाष्ठा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गत भाजपा सरकार की नकल करते हुए बिना भवनों की व्यवस्था करे महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले है जिससे पहले से चल रही स्कूल के बच्चों के साथ अन्याय हो रहा है तथा उन्हें दूर-दराज की स्कूल में जाकर प्रवेश लेने पड़ रहे है।