देशभक्त वीरों के गौरवपूर्ण इतिहास को पढ़ाना होगा

प्रो. वासुदेव देवनानी
जयपुर/अजमेर, 20 जुलाई। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कहा कि मुगल आक्रांताओं से संघर्ष करने वाले देशभक्त वीरों के इतिहास को स्वीकारना ही नहीं पढ़ाना भी होगा। देवनानी ने शिक्षा राज्य मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा द्वारा भाजपा पर मुगलकालीन युद्धों को धार्मिक युद्ध बताने की कोशिश का आरोप लगाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के जिन वीर सपूतों व स्वतंत्रता सेनानियों ने मुगलों व अंग्रेजो के साथ संघर्ष किया तथा मातृभूमि की रक्षा व आजादी के लिए कई कष्ट सहते हुए अपने प्राणों की आहूति तक दे दी हम आज उन्हें भुला नहीं सकते। उन्होंने कहा कि मुगल आक्रमणकारियों ने हमारे देश, शिक्षा, धर्म-संस्कृति, मंदिरों, परम्पराओं को भी तहस-नहस करने के प्रयास किये थे।
देवनानी ने कांग्रेस पर इतिहास का भी तुष्टीकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता व सुधार पर ध्यान देने की बजाय केवल संघ और राष्ट्रीय विचारधारा को नीचा दिखाने में ही सारी ताकत झोंक दी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता हमारे गौरवशाली इतिहास से छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने शिक्षा राज्य मंत्री डोटासरा द्वारा भाजपा पर राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े विद्याभारती की विचारधारा को किताबों में थोंपने के आरोप पर कहा कि ये तो देशभक्त संगठन है जो भारत की सनातन संस्कृति, संस्कारों तथा समृद्ध परम्पराओं व महापुरूषों के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के कार्य में लगी है जबकि कांग्रेस द्वारा राजीव स्टडी सर्किल के द्वारा तैयार कराया जा रहा पाठ्यक्रम शिक्षाजगत कभी स्वीकार नहीं करेगा।

देवनानी ने कांग्रेस सरकार पर राजनैतिक द्वेष के चलते केवल आर.एस.एस. या राष्ट्रवादी विचारधारा जुड़े शिक्षकों व कार्मिकों के दूर-दराज स्थानान्तरण किये जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उन्हें प्रताड़ित करने के लिए स्थानान्तरण पर कोर्ट के स्टे के बावजूद ज्वाईन नहीं करवा रही है जो कि अन्याय की पराकाष्ठा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने गत भाजपा सरकार की नकल करते हुए बिना भवनों की व्यवस्था करे महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले है जिससे पहले से चल रही स्कूल के बच्चों के साथ अन्याय हो रहा है तथा उन्हें दूर-दराज की स्कूल में जाकर प्रवेश लेने पड़ रहे है।

error: Content is protected !!