अजमेर, 30 अगस्त। जिला कलक्टर एवं ब्रह्मा मन्दिर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष श्री विश्व मोहन शर्मा ने अधिकारियों को मेले से पूर्व ब्रह्मा मन्दिर परिसर में जर्जर दीवारों एवं अन्य निर्माणों की मरम्मत के निर्देश दिए है। ब्रह्मा मन्दिर में सीसीटीवी, पुलिस एवं गार्ड व्यवस्था में भी सुधार किए जाएंगे। मन्दिर में सुरक्षा के बंदोबस्त और मजबूत किए जाएंगे।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट में ब्रह्मा मन्दिर प्रबंध कमेटी की बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जिन दीवारों एवं अन्य निर्माणों को नुकसान पहुंचा है, उनकी शीघ्र मरम्मत हो। इसका खर्चा मन्दिर प्रबंध समिति के फण्ड से वहन किया जाएगा।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के दौरान कहा कि मन्दिर परिसर में जो नए कैमरे लगाए जा रहे है, उनमें नाइट विजन की फैसेलिटी भी उपलब्ध होनी चाहिए। मन्दिर मरम्मत के लिए आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया विभाग की अनुमति ली जा रही है। इसी तरह सुरक्षा के लिए पुलिस की नफरी बढ़ाने, गार्ड बढ़ाने आदि मुददो पर भी सहमति बनी।
श्री शर्मा ने मन्दिर के स्वामित्व वाली भूमियों पर चर्चा के दौरान देवनगर की कृषि भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसी तरह किशनपुरा, नांद तथा जैतारण स्थित भूमियों का भी बेहतर प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। गौशाला में सुधार के उपाय तुरन्त सुनिश्चित किए जाए। मन्दिर के लिए स्थायी प्रबंध समिति का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने मन्दिर एन्ट्री प्लाजा, समिति कार्यालय, वित्तीय कार्यवाही तथा वृद्धजनों व दिव्यांगों के ऊपर चढ़ने व दर्शन आदि के लिए सकारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री कैलाश चंद लखारा, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री अरविंद कुमार सेंगवा, उपखण्ड अधिकारी पुष्कर देविका तोमर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।