धार्मिक यात्रा पर जाएंगे मोक्षनगरी गयाजी

भागवत कथा में भाग लेंगे अजमेर के भक्त
अजमेर। आश्विन मास के पितृपक्ष में अजमेर के भक्त धार्मिक यात्रा पर
मोक्षनगरी गयाजी जाएंगे। संयोजक सुमित सारस्वत ने बताया कि बिहार राज्य
की दस दिवसीय यात्रा 14 सितंबर को अजमेर के निम्बार्क कोट मंदिर से
प्रस्थान करेगी। गयाजी में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया
जाएगा। इसमें जगदगुरु निम्बार्काचार्य श्रीजी महाराज के सुशिष्य
पं.रविशंकर शास्त्री व्यासपीठ पर विराजित होकर ठाकुरजी की दिव्य लीलाओं
का गुणानुवाद करेंगे। कथा बोधि वृक्ष के निकट अजंता पैलेस में होगी। कथा
श्रवण के साथ ही भक्त वहां विश्‍व प्रसिद्ध नालन्‍दा विश्‍वविद्यालय,
विश्‍व शांति स्‍तूप, महाबोधि मंदिर, वेणु वन, जैन तीर्थस्‍थल पावापुरी व
अन्य कई धार्मिक व दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी करेंगे। पूर्वजों को मोक्ष
दिलाने के लिए प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान भी किए जाएंगे। मान्यता है कि
बिहार के गयाजी तीर्थ स्थान पर श्राद्ध पक्ष में तर्पण करने से पितरों को
मोक्ष की प्राप्ति होती है। यहां पूजा करने से सात पीढ़ी के पूर्वजों को
मोक्ष मिलता है। भगवान राम और सीता ने भी राजा दशरथ की आत्म शांति के लिए
गयाजी में ही पिंडदान किया था। इस धार्मिक यात्रा को लेकर
पं.ज्योतिस्वरूप शर्मा, राधेलाल गोयल, शांति शर्मा, मनीष शर्मा व भागवत
कथा यात्रा के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं।

error: Content is protected !!