गांधी संदेश यात्रा, रक्तदान शिविर सहित हुए अनेक कार्यक्रम

अजमेर, 02 अक्टूबर। महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती वर्ष में बुधवार 2 अक्टूबर को जिलेभर में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिला स्तर पर इसकी शुरूआत गांधी संदेश यात्रा से हुई। आज ही जिलेभर में रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर आज अन्तर्राष्ट्रीय अंहिसा दिवस पर जिला स्तरीय समारोह में प्रातः गांधी संदेश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पटेल मैदान से आरम्भ हुई तथा आगरा गेट, नया बाजार, चूडी बाजार होते हुए गांधी भवन पहुंची। इस यात्रा में हजारों की तादात में बच्चों, संस्थाओं के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। पटेल मैदान पर गांधी संदेश यात्रा को गांधी दर्शन समिति के जिला संयोजक श्री गोपाल बाहेती एवं शक्ति प्रताप सिंह तथा जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
गांधी संदेश यात्रा में प्रतिभागियों ने गांधी जी के सिद्धान्त स्वच्छता एवं उनके आदर्शों को अपनाने के नारे लगाए। यात्रा के साथ रामघुन का आयोजन भी हुआ। प्रतिभागियों नेे हाथों में गांधी जी से संबंधित स्लोगन लिए हुए थे। यात्रा गांधी भवन पहुंचने पर सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं रामधुन के आयोजन में भी भाग लिया।
इस मौके पर गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्री श्रीगोपाल बाहेती ने अपने उद्बोधन में कहा कि गांधी जी ने देश को ही नहीं वरन विश्व को अहिंसा का संदेश दिया है। गांधी जी ने कहा था कि मेरा जीवन ही मेरा संदेश है। आज पूरे विश्व में उन्ही के दिए संदेश से विश्व अहिंसा दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सिद्धान्तविहिन राजनीति, श्रमविहिन सम्पत्ति, विवेकविहिन भोग विलास, चरित्र विहिन शिक्षा, नैतिकता विहिन व्यापार, मानवीयता विहिन वैज्ञानिक तथा त्याग विहिन पूजा से दूर रहने की शिक्षा दी थी। जिसे हमे अपने जीवन में अपनाना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने लाल बहादूर शास्त्री जी को भी नमन करते हुए याद किया।
समारोह में जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने सभी को अहिंसा पर चलने की शपथ दिलायी। समारोह में सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने उद्बोधन में शान्ति एवं अहिंसा को अपनाने की बात कही। जिसमें फादर कॉसमॉस शेखावत, सर्वधर्म मैत्री संघ के अध्यक्ष प्रकाश जैन तथा प्रवक्ता डॉ. राकेश ने अपना उद्बोधन दिया।
इस मौके पर अजमेर डेयरी के अध्यक्ष श्री रामचन्द्र चौधरी, जीसीए के प्राचार्य एम.एल.अग्रवाल, दीनबंधु चौधरी, सौरभ बजाड़, जिला पुलिस अधीक्षक कुं. राष्ट्रदीप, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा, श्री कैलाश चंद शर्मा एवं श्री अरविंद कुमार सेंगवा, प्राधिकरण के सचिव डॉ. शक्ति सिंह शेखावत, उपवन संरक्षक सुदीप कौर, उपखण्ड अधिकारी श्रीमती अर्तिका शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारी, विभिन्न संस्था के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्ट्रेट कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली शपथ
महात्मा गांधी की 150वी जयंती पर मनाए जा रहे गांधी सप्ताह के तहत आज जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट परिसर में शपथ दिलायी। सभी ने महात्मा गांधी के बताए गए सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करने तथा इन मूल्यों की रक्षा करने के संबंध में शपथ ली।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा, श्री कैलाश चंद शर्मा एवं श्री अरविंद कुमार सेंगवा, उपखण्ड अधिकारी श्रीमती अर्तिका शुक्ला सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

शान्ति समिति की बैठक आयोजित
अजमेर, 02 अक्टूबर। जिला मजिस्ट्रेट श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शान्ति समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में नवरात्रा पर्व, महानवमी, दशहरा, दीपावली, पुष्कर मेला एवं स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान जिले में कानून, शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान श्री शर्मा ने कहा कि पर्वो तथा चुनावों के दौरान कई प्रकार के प्रकरण सामने आएंगे। पुलिस प्रशासन एवं समाज की यह जिम्मेदारी है कि इस प्रकार के मुद्दों का शुरूआत में ही समाधान कर दिया जाए। इस प्रकार के प्रकरणों की जानकारी से स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को अवश्य अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में अफवाएं फैलने की बहुत आशंका रहती है। इसके समाधान के लिए जागरूकता की विशेष आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को इस प्रकार की अफवाहों से सावधान रहना चाहिए। इन अवसरों पर किसी भी कार्यक्रम करने से पूर्व स्थानीय प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर केवल मान्यता प्राप्त व्यक्तियों को ही पटाखे बेचने की अनुमति प्रदान की जाती है। बिना अनुमति पटाखे बेचना गैर कानूनी है। अवैध रूप से पटाखे बेचते पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लायी जाएगी। पटाखे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए हानिप्रद होते है इनसे बचे जाने की आवश्यकता है। पटाखों को चलाते समय विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए। इन्हें खुले स्थान पर ही चलाया जाना चाहिए। पटाखे किसी अन्य व्यक्ति पर फैकना गलत है। इस प्रकार का कृत्य करने वालों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कु. राष्ट्रदीप ने कहा कि खरवा मसूदा मार्ग पर अवैध वसूली रोकने के लिए विशेष कार्यवाही की जाएगी। ब्यावर सदर थाने में इसके लिए 5 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। जिले में शोर प्रदूषण करने वाले डीजे के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी तथा उन्हें नियमानुसार सीज किया जाएगा। जिले में अवैध नागरिकों के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर उनकी नागरिकता की जांच की जाएगी। व्यक्ति के अवैध पाए जाने पर उसे डीपोर्ट किया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद शर्मा, श्री अरविंद कुमार सेंगवा, उपखण्ड अधिकारी श्रीमती अर्तिका शुक्ला, श्रीमती सबा खान, श्री कमल गंगवाल, श्री अमरूद्दीन खान, श्री वैभव जैन, श्री बाबर खान, दयानन्द चतुर्वेदी, सैयद मुन्नवर चिश्ती, मौहम्मद मुश्ताक उर्फ कालू भाई, श्री विवेक पाराश्र, श्री मौहम्मद उस्मान, श्रीमती मंजू बलाई, श्री दिनेश कुमार सहारा एवं श्री प्रताप सिंह यादव सहित शान्ति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

ग्राहक सम्पर्क पहल कार्यक्रम पर हुई चर्चा
सूचना केन्द्र में आयोजित होगा कार्यक्रम
अजमेर, 02 अक्टूबर। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राहक सम्पर्क पहल कार्यक्रम के संबंध में बैठक कर चर्चा की गई।
बैंक ऑफ बडौदा के अग्रणी जिला प्रबंधक श्री एम.एस रावत ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी 4 व 5 अक्टूबर को ग्राहक सम्पर्क पहल कार्यक्रम सूचना केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम बडे स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें समस्त बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थाओं,नाबार्ड, जिला उद्योग केन्द्र और सिडबी द्वारा अपने उत्पादों के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवायी जाएगी। इस दौरान कृषि, खुदरा तथा सूक्षम एव लघु उद्यमों को ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

error: Content is protected !!