मतदाता सत्यापन कार्यक्रम 15 अक्टूबर तक चलेगा

बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं -जिला निर्वाचन अधिकारी
अजमेर, 11 अक्टूबर। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अर्हता एक जनवरी 2020 के अन्तर्गत मतदाता सत्यापन कार्यक्रम 15 अक्टूबर 2019 तक चलाया जा रहा है। जिसके अन्तर्गत विधानसभा के सभी नियुक्त बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। प्रत्येक मतदाता का सत्यापन किया जाना अनिवार्य है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि एक सितम्बर 2019 से 15 अक्टूबर 2019 के मध्य मतदाताओं का सत्यापन में प्रविष्टियों का सत्यापन आयोग द्वारा अधिकृत किए गए 7 दस्तावेजों (भारतीय पासपोर्ट, ड्राइविंग लाईसेंस, आधार कार्ड, राशन कार्ड, सरकारी/अद्र्धसरकारी कर्मियों को जारी पहचान पत्र, बैंक की पासबुक, किसान पहचान पत्र एवं आयोग द्वारा अन्य दस्तावेज) में से किसी एक के साथ किया जाना है। कार्यक्रम के दौरान बीएलओ मतदाताओं से व्यक्तिगत सम्पर्क कर मतदाता सूचियों में उनकी प्रविष्टियों का सत्यापन के साथ उनके टेलीफोन/ मोबाइल नम्बर एवं ई मेल इत्यादि प्राप्त करेंगे।
उन्होंने सभी मतदाताओं से यह अपेक्षा की है कि मतदाता सत्यापन कार्यक्रम में अपने से संबंधित बीएलओ को पूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए उपरोक्त सत्यापन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाकर अधिक से अधिक सत्यापन करवावें ताकि उक्त राष्ट्रीय कार्य में प्रगति लायी जा सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदाता का संबंधित दस्तावेज से सत्यापन किया जाना जरूरी है। जब भी बीएलओ सम्पर्क करें उन्हें संबंधित दस्तावेज आवश्यक रूप से उपलब्ध कराएं जाए।

औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों का आयोजन होगा
अजमेर, 11 अक्टूबर। जिला उद्योग केन्द्र द्वारा आगामी 14, 16 एव 18 अक्टूबर को औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों का आयोजित किया जाएगा।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि आगामी 14 अक्टूबर को पंचायत समिति सिलोरा के सभा भवन में, 16 अक्टूबर को पंचायत समिति भवन जवाजा में तथा 18 अक्टूबर को पंचायत समिति भवन श्रीनगर में प्रातः 11 बजे से सांयकाल 5 बजे तक एक दिवसीय औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में उद्योग विभाग राजस्थान वित्त निगम, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, बैंक के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से संबंधित उद्योग आधार मेमोरेण्डम, हस्तशिल्पियों के पंजीयन, बुनकरों के पंजीयन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, भामाशाह रोजगार सृजन योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी। शिविर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी सहायता एवं सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना
वैष्णोदेवी के लिए रेल 12 अक्टूबर को
11 बजे करनी होगी यात्रियों को रिपोर्टिंग
अजमेर, 11 अक्टूबर। राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2019 के अन्तर्गत वैष्णोदेवी जाने वाली रेल शनिवार 12 अक्टूबर को उदयपुर से रवाना होगी। इसके लिए चयनित यात्रियों को प्रातः 11 बजे रिपोर्टिंग करनी होगी।
देव स्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गिरिश कुमार बचानी ने बताया कि वैष्णोदेवी जाने वाली प्रथम ट्रेन उदयपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन दोपहर 2.25 बजे अजमेर रेलवे स्ेशन पर पहुंचेगी। यहां से अजमेर जिले के 22, नागौर के 46, टोंक के 30, बीकानेर के 14, चुरू के 9, हनुमानगढ़ के 9 एवं श्री गंगानगर जिले के 8 कुल 138 यात्री उक्त ट्रेन में सवार होकर प्रस्थान कर जाएंगे। अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को प्रातः 11 बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी। पूर्व में यह समय दोपहर एक बजे निर्धारित किया गया था।
उन्होंने बताया कि अजमेर से यह गाड़ी सायं 5.50 बजे जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इस रेलगाड़ी में सभी चयनित तीर्थ यात्रियों को व्यक्तिशः दूरभाष एवं पत्र के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। यात्री अपने साथ ई मित्र द्वारा भरे गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी (मय प्रमाणित चिकित्सकीय प्रमाण पत्र), मूल आधार कार्ड/ भामाशाह कार्ड/ दो पासपोर्ट साईज फोटो साथ लेकर आना अनिवार्य होगा, साथ ही दैनिक उपयोग की सामग्री (आवश्यक औषधियां, व्यक्तिगत आवश्यकता के लिए नकदी, कपड़े, कम्बल, चद्दर, टॉवेल) लेकर आए।

कम्प्यूटर टंकण परीक्षा का परिणाम घोषित
अजमेर, 11 अक्टूबर। जिला कलक्टर कार्यालय द्वारा अनुकम्पात्मक नियुक्ति प्राप्त 23 कार्मिकों की कम्प्यूटर टंकण परीक्षा आयोजित की गई थी। इसका परिणाम जारी किया गया है। इसमें 12 अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया है। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा ने दी।

नगर परिषद / पालिका आम चुनाव 2019
रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त
अजमेर, 11 अक्टूबर। जिला नगर पालिका निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने एक आदेश जारी कर नगर परिषद ब्यावर, नगर पालिका पुष्कर एवं नसीराबाद के आम चुनाव 2019 सम्पन्न कराने एवं तत्संबंधी समस्त प्रक्रिया के संचालन के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए है।
आदेश के तहत नगर परिषद ब्यावर के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट ब्यावर को रिटर्निंग ऑफिसर तथा तहसीलदार ब्यावर, उप पंजीयक ब्यावर तथा तहसीलदार टाटगढ़ को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। नगर पालिका पुष्कर के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट पुष्कर को रिटर्निंग ऑफिसर तथा तहसीलदार पुष्कर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। नगर पालिका नसीराबाद के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट नसीराबाद को रिटर्निंग ऑफिसर तथा तहसीलदार नसीराबाद को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है।

error: Content is protected !!