देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद, कांग्रेस बनेगी जनता की आवाज

14 दिसम्बर को दिल्ली रैली की तैयारी, अजमेर से जाएंगे 3 हजार से ज्यादा कांग्रेसी
राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल एवं चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने ली तैयारी बैठक

अजमेर, 2 दिसम्बर। देश में बिगड़ती अर्थव्यवस्था, बढ़ती महंगाई एवं घटते रोजगार के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा 14 दिसम्बर को दिल्ली में आहूत रैली के लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अजमेर जिले से 3 से 5 हजार कांग्रेसजन इस रैली में भाग लेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी विवेक बंसल एवं चिकित्सा एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने आज जयपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेन्ट में रैली की तैयारियों की समीक्षा की। इस रैली में अजमेर जिले से 3 से 5 हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है। पूरे देश में उद्योग धन्धे समाप्ति की ओर बढ़ रहे हैं। महंगाई दिनोेदिन बढ़ती जा रही है और नए रोजगार सृजित होना तो दूर पहले से चली आ रही नौकरियां भी जाने लगी हैं। मोदी सरकार का आर्थिक कुप्रबंधन इस बर्बादी के लिए जिम्मेदार है। देश में अराजकता का माहौल है। लोग परेशान है, सरकार ने विश्वसनीयता खो दी है। हर तरफ भय का माहौल है और कोई सुनने वाला भी नहीं। आज पूरे देश को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह याद आ रहे हैं। उन्होंने जिस तरह से देश को आगे बढ़ाया और योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया, उसे हर कोई याद कर रहा है। देश की आर्थिक बदहाली के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने 14 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में भारत बचाओ रैली का आयोजन किया है। इस रैली में राजस्थान से 50 हजार लोग भाग लेंगे।
बैठक को सम्बोधित करते हुए चिकित्सा व जनसम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि आज देश में हर तरह से विपरीत परिस्थितियां हैं। केन्द्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह विफल रही है। इन्होंने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। नौकरियां मिलना तो दूर 90 लाख रोजगार और कम हो गए हैं। केन्द्र सरकार देश की जीडीपी का आंकड़ा 4.5 प्रतिशत बता रही है लेकिन वास्तविकता इससे कहीं ज्यादा भयावह है। जीडीपी 1.5 प्रतिशत हो सकती है। देश में आज आर्थिक मंदी, आर्थिक संकट और आर्थिक आपातकाल जैसे हालात है लेकिन मोदी सरकार इन्हें सुधारने की बजाए अंधी और बहरी होकर बैठी है। देश का प्रमुख विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह जनता की आवाज बनकर काम करें। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी जी के आव्हन पर हम दिल्ली में सोई सरकार को जगाने के लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता की सरकार है। पिछले एक साल में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग की उन्नति के लिए फैसले लिए हैं। हम इस एक साल का जश्न मनाने की बजाए सादगी के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगे। हमारी सोच है कि हम जो काम कर रहे हैं उस पर जनता जश्न मनाए।
देहात एवं जिला कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक में ब्लॉकवार जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई। बैठक में विधायक राकेश पारीक, देहात अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़, शहर अध्यक्ष विजय जैन, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, पीसीसी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता, हेमन्त भाटी, पारस पंच, अजय शर्मा, कमल वर्मा, रमेश जाजू, सोहन मेवाड़ा, सुरेश आबड़, मोहम्मद इमरान सिद्दकी, राजकुमार तुलसानी, इकबाल मंसूरी, मंजू कुर्डिया, प्रधान धाकड़, कैलाश कोमल, राकेश सांखला, शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नन्दाराम, ओंकारलाल, विजय धाबाई आदि उपस्थित रहे।

चिकित्सा मंत्री ने की टोंक घटना की कड़ी निन्दा
अजमेर, 2 दिसम्बर। चिकित्सा एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने टोंक में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार एवं उसकी हत्या जैसे जघन्य कृत्य की कड़ी निन्दा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद भयावह है एवं कानून में संशोधन कर ऎसा कृत्य करने वाले अपराधियों को तत्काल फांसी का प्रावधान किया जाना चाहिए।

error: Content is protected !!