मन वचन एवम कर्म आधारित सेवाओं से आमजन को त्वरित एवं उचित न्याय मिले

अजमेर, 12 फरवरी। राजस्व मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के लिए मन, वचन एवं कर्म के माध्यम से श्रेष्ठ कार्य का माहौल पैदा करने की महती आवश्यकता है। श्री शर्मा बुधवार को राजस्व मंडल परिसर में राजस्व बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित नव पुस्तकालय परिसर के उद्घाटन एवं राजस्व मंडल में नए सदस्यों के अभिनंदन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व श्री शर्मा ने विधिवत फीता काटकर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। श्री शर्मा ने कहा कि लंबे समय से वादों के निस्तारण के लिए इंतजाररत आमजन को त्वरित राहत देने की दिशा में राजस्व बार एवं बेंच के मध्य बेहतर कार्य का वातावरण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रेष्ठ कार्य से ही आमजन में विश्वास कायम हो सकता है।

अपने उद्बोधन में राजस्व मंडल में नवनियुक्त सदस्य श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, सुरेंद्र कुमार पुरोहित एवं रवि डांगी ने कहा कि राजस्व बार एवं बेंच के मध्य बेहतर तालमेल के साथ साथ सभी को विधि सम्मत न्याय दिलाने के लिए सभी समग्र प्रयास किए जाएंगे।

राजस्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीपी सिंह राजावत ने कहा कि अधिवक्ताओं से राजस्व मंडल सदस्य के रूप में नियुक्ति सभी एकजुट प्रयासों का फल है। उन्होंने कहा कि बार और राजस्व मंडल के मध्य बेहतर सम्बन्धों के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। श्री राजावत ने इससे पूर्व सभी नवनियुक्त सदस्यों का माल्यार्पण एवं बुके भेंट कर अभिनंदन किया एवं उनका संक्षिप्त जीवन परिचय भी रखा।

समारोह में राजस्व मंडल के वरिष्ठ सदस्य मोडू दान देथा, एचएस गोयल, सुनील शर्मा, मनोज कुमार नाग, सुरेंद्र माहेश्वरी, पंकज नरूका, सतीश चंद्र गोदारा, रामनिवास जाट, वरिष्ठ अधिवक्ताओं में यज्ञ दत्त शर्मा, ओंकार लाल दवे, पूर्णाशंकर दशोरा, डूंगर सिंह राठौड़, वीरेंद्र सिंह राठौड़, जगदीशप्रसाद माथुर, हगामी लाल चौधरी, जेके पारीक, सुरेंद्र शर्मा, रवि गुप्ता, केके पुरोहित, दुलीचंद ढिढारिया सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं राजस्व मंडल के अधिकारी गण मौजूद थे आरम्भ में राजस्व बार एसोसिएशन के सचिव शंकरलाल चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

error: Content is protected !!