कार्यकर्ता भाजपा के साथ भावनात्मक रूप से जुड़कर काम करें-गहलोत

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा दाहरसेन मंडल ने मनाया समर्पण दिवस

अजमेर, 12 फरवरी। मेयर धर्मेंद्र गहलोत ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे पार्टी के साथ भावनात्मक रूप से जुड़कर काम करें और जीवन में सादगी रखें। गहलोत बुधवार को शहर भाजपा दाहरसेन मंडल के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित समर्पण दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज किसी व्यक्ति का राजनीति में पद और कद बढ़ जाता है, तो उसके कुर्ते पाजामा की कलफ नहीं हटती। जबकि पंडित उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन सादगी से जिया। उन्होंने कहा कि जनता सादगी को ही पसंद करती है। यही कारण है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय को आज भी हम सब पूरे सम्मान से याद करते हैं और उनकी सादगी की मिसाल देते हैं।
गहलोत ने कहा कि हमें राजनीतिक, सार्वजनिक तौर सामाजिक क्षेत्र में समय देना चाहिए। तन, मन और धन से पार्टी की सेवा करनी चाहिए। लोगों को पार्टी से जोड़ना चाहिए। जिसमें काम करने की काबिलियत होगी, वही निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा। यदि हम राजनीति या किसी भी अन्य क्षेत्र में आगे बढ़ जाते हैं तो हमें सभी को साथ लेकर चलना और उन्हें भी आगे बढ़ने का मौका देना चाहिए।
मंडल अध्यक्ष व पार्षद दीपेंद्र लालवानी ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पर प्रकाश डाला। पार्षद वीरेंद्र वालिया, दीपक शर्मा व डीपी शर्मा ने गहलोत, लालवानी और वरिष्ठ नेता तुलसी सोनी का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। गहलोत ने पंडित उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इससे पहले शहर भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष रश्मि शर्मा और महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष श्वेता शर्मा ने संगठन गीत प्रस्तुत किए। संचालन सत्येंद्र कुमार शर्मा ने किया।

दीपेंद्र लालवानी
मंडल अध्यक्ष
दाहरसेन मंडल
शहर जिला भाजपा, अजमेर।

error: Content is protected !!