अजमेर ,18 अगस्त। अजमेर विद्युत वितरण निगम ने कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सख्ती शुरु कर दी है। निगम ने आज मुख्यालय पर सघन जांच अभियान चलाकर मास्क नहीं पहनने वाले 20 कर्मचारियों के चालान काटे। उन्हें चेतावनी भी दी गई है।
प्रबन्ध निदेशक वी एस भाटी ने बताया कि डिस्कॉम कर्मचारियों को संक्रमण से बचाने के लिए समझाइश, सतर्कता और सख्ती की नीति पर काम किया जा रहा है। डिस्कॉम ने सतर्कता और समझाइश के बाद अब सख्ती बरतनी शुरू की है। निगम में आज सचिव एन एल राठी, टीए टू एमडी राजीव वर्मा, प्रशांत चौहान की टीम बना कर विभिन्न विभागों में जांच की गई। निगम में 20 कर्मचारी बिना मास्क काम करते पाए गए। इन सभी से जुर्माना वसूल कर चेतावनी दी गई है।
भाटी ने बताया कि निगम ने डिस्कॉम क्षेत्र के सभी 11 जिलों के लिए कोरोना संक्रमण बचाव की विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। इसकी सख्ती से पालना करवाई जाएगी। निगम का पहला लक्ष्य अपने कर्मचारी और कार्यालय आने वाले उपभोक्ताओं को संक्रमण से बचाना है। इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।