अजमेर 2 सितम्बर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सैकण्डरी और सीनियर सैकण्डरी समकक्ष पूरक परीक्षाये-2020 गुरूवार 3 सितम्बर से प्रारम्भ होंगी। यह परीक्षायें 12 सितम्बर को समाप्त होगी।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. जारोली ने बताया कि वर्ष-2020 की पूरक परीक्षाओं के लिए कुल 1,23,148 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए है, जिनमें सर्वाधिक 93,700 सैकण्डरी पूरक परीक्षा, सीनियर सैकण्डरी समकक्ष पूरक परीक्षाओं में 38,50र्0, प्रवेशिका 734 और वरिष्ठ उपाध्याय 214 परीक्षार्थी पूरक परीक्षा में प्रविष्ट होंगे।
उन्होंने बताया कि पूरक परीक्षाओं के लिए प्रदेश में कुल 235 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। उनमें जयपुर जिले में सर्वाधिक परीक्षा केन्द्र 21, अलवर में 14, झुंझुनू में 12, उदयपुर, जोधपुर और चुरू 10-10, नागौर, श्रीगंगानगर, भीलवाडा, भरतपुर, बीकानेर, कोटा और पाली 8-8, चित्तौडगगढ, दौसा, राजसमन्द, अजमेर, बांसवाडा और बाडमेर 7-7, डूंगरपुर, जालोर, झालावाड और सीकर में 6-6, टोंक, बारां और हनुमानगढ में 5-5, बूंदी, धोलपुर, करौली और प्रतापगढ में 4-4, सवाईमाधोपुर में 3 और जैसलमेर 2 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा की दृष्टि से सभी परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न-पत्र निकटवर्ती पुलिस थानों में रखवाये गये है। परीक्षा समाप्ति के दिन ही सभी उत्तरपुस्तिकायें बोर्ड के केन्द्रीय कार्यालय में मंगवाने की दृष्टि से राज्य में 28 उत्तरपुस्तिका संग्रहण-वितरण केन्द्र भी बनाये गये है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जारोली ने बताया कि कोविड 19 को दृष्टिगत रखते हुए बोर्ड ने सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिये है कि परीक्षा से पूर्व परीक्षा केन्द्रों को स्थानीय निकाय के सहयोग से पूर्णतयाः सेनेटाईज कराया जाये। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केन्द्रों को परीक्षार्थियों के हाथ सेनेटाईज कराने के लिए सेनेटाईजर व साबुन के लिए विशेष बजट भी आवंटित किया गया है। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षार्थी के साथ सेनेटाईजर व पीने के पानी की बोतल साथ लेकर भेजे। परीक्षा कक्ष में सोशल डिस्टेसिंग रहे इसलिए गत वर्ष की तुलना में प्रत्येक कक्ष में परीक्षार्थियों की बैठक संख्या कम की गई है और इस कारण परीक्षा केन्द्रों की संख्या में लगभग 20 प्रतिशत का इजाफा किया गया है।
बोर्ड सचिव अरविन्द कुमार सेंगवा ने बताया कि सैकण्डरी की पूरक परीक्षा कार्यक्रमानुसार गुरूवार 3 सितम्बर को व्यावसायिक विषयों की परीक्षा, शुक्रवार 4 सितम्बर को अंग्रेजी अनिवार्य, शनिवार 5 सितम्बर को हिन्दी अनिवार्य, विज्ञान एवं तृतीय भाषा-संस्कृत, उर्दू, गुजराजी, सिंधी और पंजाबी, सोमवार 7 सितम्बर को गणित, मंगलवार 8 सितम्बर को सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा होगी।
सीनियर सैकण्डरी परीक्षा कार्यक्रमानुसार गुरूवार 3 सितम्बर को हिन्दी अनिवार्य, अंग्रेजी अनिवार्य, लोक प्रशासन, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाजशास्त्र, लेखाशास्त्र, शीघ्रलिपि-हिन्दी, शीघ्रलिपि-अंग्रेजी, शारीरिक शिक्षा, कृषि विज्ञान, रसायन विज्ञान, कृषि जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान पर्यावरण विज्ञान, दर्शन शास्त्र शुक्रवार 4 सितम्बर को भूगोल, व्यवसाय अध्ययन, शनिवार 5 सितम्बर को हिन्दी साहित्य, उर्दू साहित्य, सिंधी साहित्य, गुजराती साहित्य, पंजाबी साहित्य, राजस्थानी साहित्य, फारसी, प्राकृत भाषा, टंकण लिपि (अंग्रेजी), सोमवार 7 सितम्बर चित्रकला, मंगलवार 8 सितम्बर को गणित, बुधवार 9 सितम्बर को संस्कृत साहित्य, गुरूवार 10 सितम्बर को गृह विज्ञान एवं दोपहर के सत्र में व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विषयों की परीक्षा, शुक्रवार 11 सितम्बर को सूचना प्रौद्योगिकी और प्रोग्रामिंग, दोपहर के सत्र में अंग्रेजी साहित्य, टंकण लिपि (हिन्दी), शनिवार 12 सितम्बर को मनोविज्ञान, दोपहर के सत्र में संगीत विषयों की परीक्षा आयोजित होगी।
श्री सेंगवा ने बताया कि पूरक परीक्षा योग्य परीक्षार्थी जो अपना पूरक परीक्षा शुल्क नियत अवधि में जमा नहीं करा सके हैं वे 1500/- रु. असाधारण विलम्ब शुल्क तथा 600/- परीक्षा शुल्क सहित कुल 2100/- रूपये का डी.डी. परीक्षा केन्द्र पर जमा कराकर परीक्षा में प्रविष्ट हो सकते है। इस हेतु परीक्षार्थी को अपना एक पासपोर्ट साईज का फोटो एवं एक फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ संबंधित केन्द्राधीक्षक से सम्पर्क करना होगा। वे परीक्षार्थी लॉकडाउन अवधि अथवा परीक्षा दिवस में आकस्मिक दुर्घटना के कारण परीक्षा से वंचित रहे तथा जिन्होंने निर्धारित समय में राजकीय चिकित्सा प्रमाण पत्र बोर्ड को प्रस्तुत किया एवं जो परीक्षार्थी लॉकडाउन अवधि में जिला/प्रदेश से बाहर होने के कारण परीक्षा से वंचित रहे तथा जिन्होंने उस स्थान के उप जिला मजिस्ट्रेट/ जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी प्रमाण पत्र बोर्ड को प्रस्तुत कर दिया, उन्हें मुख्य परीक्षा के नामांक से पूरक परीक्षा में प्रवेशाज्ञा प्रदान की गई है तथा उन्हें भी शुल्क से मुक्ति प्रदान की गयी है।
पूरक परीक्षाओं के सुसंचालन के लिए बोर्ड कार्यालय में केन्द्रीय कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कन्ट्रोल रूम प्रातः 7.00 बजे से रात्रि 9.00 बजे तक कार्यरत रहेगा। इस कन्ट्रोल रूम के दूरभाष न. 0145-2632866, 2632867, 2632868 है तथा फैक्स न. 0145-2632869 है। कन्ट्रोल रूम में दर्ज शिकायत के संबंध में शिकायतकर्त्ता को शिकायत क्रमांक दिया जायेगा ताकि शिकायतकर्त्ता भविष्य में इसी शिकायत क्रमांक के आधार पर जानकारी प्राप्त कर सके। पूरक परीक्षा कार्यक्रम बोर्ड की वेबसाइट www.rajeduboard.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है।
उप निदेशक (जनसम्पर्क)