श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में झंकार सप्ताह का भव्य आगाज

रंगोली, आर्ट एंड क्राफ्ट एवं युगल नृत्य प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में सामाजिक एवं सांस्कृतिक सप्ताह ‘‘झंकार’’ 2026 कार्यक्रम का प्रारम्भ प्राचार्य डॉ आर. सी. लोढ़ा एवं झंकार संयोजिका निधि पंवार ने नवकार मंत्र की स्तुति के साथ किया । कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

झंकार सप्ताह के प्रथम दिवस पर रंगोली, आर्ट एंड क्राफ्ट एवं युगल नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक अभिरुचि एवं सांस्कृतिक कौशल को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं सृजनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक रंग संयोजन एवं सुंदर कलाकृतियों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता प्रस्तुत की। इसमें प्रथम स्थान दीपिका अजमेरा एव दिव्या अजमेरा, द्वितीय स्थान कशिश चंदनानी एवं तन्वी अग्रवाल तथा तृतीय स्थान चक्षु गहलोत एवं साक्षी चौहान ने प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सीमा सोनी और राधिका झंवर ने निभाई।

आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक सोच एवं हस्तकला कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वैशाली सोनी, द्वितीय स्थान चक्षु गहलोत एवं तृतीय स्थान निशा सोनी ने प्राप्त किया। आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डिम्पल यादव और हर्षिता सोनी ने निभाई।

युगल नृत्य प्रतियोगिता में छात्राओं ने शानदार तालमेल, भाव-भंगिमाओं एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसमें प्रथम स्थान तन्वी अग्रवाल एवं योगिता नायक, द्वितीय स्थान आराध्या  पालीवाल एवं राधिका पालीवाल तथा तृतीय स्थान भव्या एवं हिमानी ने प्राप्त किया। युगल नृत्य  प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका पिंकी उपाध्याय और मीनाक्षी धूत ने निभाई।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर. सी. लोढ़ा ने बताया कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है। छात्राओं को अपनी प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलता है जिससे उनमें आत्मविश्वास, कलात्मकता और रचनात्मकता का विकास, अनुशासन एवं समर्पण आदि गुणों को जाग्रत करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होता है।

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के अवसर देना आवश्यक है। ऐसे आयोजन उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए प्रमाण पत्र एव स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। झंकार सप्ताह के प्रथम दिवस का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!