शिव मंदिर के सामने चौपाटी से सागर विहार पाल तक बनेगा पाथवे

अजमेर, 12 सितम्बर। आनासागर पाथवे अब पुरानी चौपाटी स्थित शिव मंदिर से सागर विहार की पाल तक बनेगा। सागर विहार की पाल से वैशाली नगर पैट्रोल पम्प तक पूर्व में ही पाथवे निर्मित होने से शिव मंदिर से वैशाली नगर पैट्रोल पम्प तक लम्बा पाथवे तैयार हो जाएगा। इसकी लागत 6.63 करोड़ आएगी।

अजमेर स्मार्ट सिटी के सीईओ एवं जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि आनासागर सर्कुलर रोड स्थित शिव मंदिर के पास से सागर विहार की पाल तक पाथे वे निर्मित किया जाएगा। इससे पुरानी चौपाटी से वैशाली नगर पैट्रोल पम्प तक लगातार आनासागर को निहारते हुए भ्रमण किया जा सकेगा। सागर विहार पाल से वैशाली नगर पैट्रोल पम्प के सामने तक पूर्व में पाथवे बनाया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि पुरानी चौपाटी स्थित शिव मंदिर से सागरविहार पाल तक के पाथवे की लम्बाई लगभग 960 मीटर है। यह 3.6 मीटर चौडाई से निर्मित होगा। पाथवे के झील की तरफ आरसीसी की रिटेनिंग पाल बनाई जाएगी। दूसरी तरफ पत्थर की चुनाई से मुण्डेर का निर्माण होगा। पाथवे को आकर्षक बनाने के लिए सफेद सेण्ड स्टोन की फ्लोरिंग बनाई जाएगी। पाथवे की दीवारों पर पिंक बंसी पहाडपुर सेण्ड स्टोन के ओरनामेण्टल दासे लगाने का प्रावधान है। पाथवे में दो स्थानों पर विश्राम के लिए पालकी निर्मित की जाएगी। इसमें भी एकरूपता दर्शाते हुए पिंक बंसी पहाड़पुर सेण्ड स्टोन काम में लिया जाएगा। पाथवे को रात्रि में रोशन करने के लिए हैरिटेज लुक वाली रोड़ लाईटें लगाने के लिए डीपीआर में प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि पाथवे के इस भाग के निर्माण में 6 करोड़ 63 लाख 76 हजार की राशि व्यय की जाएगी। इसके निर्माण पर पुरानी चौपाटी से वैशाली नगर पैट्रोल पम्प तक की 4 हजार 243 मीटर की दूरी तक लगातार आनासागर के किनारे सुरम्य नजारे का आनन्द लिया जा सकेगा। इसके विकसित होने से आनासागर पर आने वाले दर्शकों की संख्या में भी वृद्धि होगी।

error: Content is protected !!