हर घर, गली में गूंजेगा “नो मास्क-नो एन्ट्री”

प्रभारी मंत्री श्री लालचंद कटारिया 3 को करेंगे अभियान की शुरूआत
शहर में 90 स्थानों पर रहेगी प्रशासन की निगरानी
गांधीवादी तरीके से होगी मास्क पहनने की समझाइश

अजमेर, एक अक्टूबर। कोरोना संक्रमण को रोकने और आमजन को मास्क लगाने के लिए प्रेरित करने के लिए जिला प्रशासन व्यापक जन अभियान शुरू करने जा रहा है। इसके तहत आमजन से गांधीवाद तरीके से “नो मास्क-नो एन्ट्री” और “नो मास्क-नो सर्विस” की पालना की अपील की जाएगी। प्रभारी मंत्री श्री लालचंद कटारिया 3 अक्टूबर को पटेल मैदान से अभियान शुरू करेंगे।
जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि प्रभारी मंत्री श्री कटारिया 3 अक्टूबर को पटेल मैदान से इस व्यापक अभियान को शुरू करेंगे। इसके तहत विभिन्न सरकारी विभाग, स्वयंसेवी संगठन आदि मिलकर आमजन को जागरूक करेंगे। अजमेर शहर में भीड़-भाड़ वाले 90 स्थानों का चयन किया गया है। इन स्थानों पर आमजन से अपील की जाएगी कि मास्क अवश्य पहनें। उनसे गांधीवादी तरीके से मास्क को दिनचर्या का अंग बनाने का आग्रह किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोरोना जागरूकता की यह अपील प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए विभिन्न विभाग, नगर निगम, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया जाएगा। सरकारी कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठन भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों तथा लोगों के घरों तक मास्क वितरित करेंगे।

अब कार्यालयों में भी नो एन्ट्री
जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि सरकारी कार्यालयों में बिना मास्क एन्ट्री नहीं दी जाएगी। आज से कलक्ट्रेट, एडीए सहित विभन्न विभागों में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।

इन संस्थाओं का रहेगा सहयोग
शिक्षा विभाग, जवाहर फाउंडेशन, लॉयंस क्लब वेस्ट, रोटरी क्लब, जैन मिलन, सर्वधर्म मैत्री संघ, लॉयंस क्लब उमंग, पृथ्वीराज, राजस्थान महिला कल्याण मंडल, पृथ्वीराज फाउंडेशन, लोक कला संस्थान व अन्य एनजीओ।

2 से 6 अक्टूबर तक चलेगा गांधी विचार शपथ कार्यक्रम
अजमेर, एक अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 2 से 6 अक्टूबर तक गांधी विचार शपथ कार्यक्रमों का आयोजन होगा। ये सभी कार्यक्रम वेबीनार के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि आयोजनों की श्रृंखला के तहत 2 अक्टूबर को पंचायतीराज व शिक्षा विभाग द्वारा ग्राम स्वराज्य में रामराज्य स्थापना के लिए शक्तियों का विकेन्द्रीकरण विषय पर परिचर्चा होगी। इसी तरह 3 अक्टूबर को महिला अधिकारिता विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण विषय पर कार्यक्रम होगा। इसी प्रकार 4 अक्टूबर को खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्योग व रोजगार विभाग द्वारा खादी के विकास, 5 अक्टूबर को चिकित्सा विभाग द्वारा पहला सुख निरोगी काया तथा 6 अक्टूबर को नेहरू युवा केंद्र द्वारा युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी विषय पर कार्यक्रम होगा।

error: Content is protected !!