समझाइश जारी, नहीं माने तो लगेगा जुर्माना

फील्ड में उतरे अधिकारी, विवाह स्थलों पर की समझाइश
अजमेर, 25 नवम्बर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन की टीम दूसरे दिन भी फील्ड में डटी रही। अधिकारियों ने विवाह स्थलों पर जाकर आयोजकों से समझाइश की। आयोजकों से सौ लोगों की सीमा और कोरोना प्रोटोकॉल की पालना का आग्रह किया गया। उन्हें समझाया गया कि यह हम सबकी जीवन रक्षा के लिए आवश्यक है। नहीं मानने पर जुर्माने की चेतावनी भी दी गई।
जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विवाह समारोह के लिए मेहमानों की संख्या निर्धारित की गई है। निर्धारित संख्या की सीमा में ही समारोह में भाग लेने तथा कोविड-19 प्रोटोकॉल जैसे अनिवार्य फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग व सेनेटाईजर की उपलब्धता, थर्मल स्कैनिंग आदि की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए समझाइश की जा रही है। विवाह आयोजनकर्ताओं को विवाह की अनिवार्य रूप से विडियोग्राफी करानी होगी। समारोह में निर्धारित संख्या से अधिक मेहमानों को आमंत्रित कर प्रावधानों की अवहेलना करने पर आयोजनकर्ता के विरूद्ध राजस्थान महामारी अधिनियम 2020 के अन्तर्गत जारी किए गए विनियमों में निर्धारित शास्ति राशि वसूल करने के साथ अन्य विधि सम्मत कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रशासन प्रत्येक शादी पर नजर रखेगा। संक्रमण रोकने के लिए विवाह स्थलों पर जाकर परिवारों को कोरोना गाईडलाइन की जानकारी दी जा रही है। आयोजक परिवार निर्धारित गाईडलाइन की पालना करें तो वे न सिर्फ स्वयं कोरोना संक्रमण के खतरे से बचे रहेंगे बल्कि औरों को भी सुरक्षित रख कोरोना की कड़ी को तोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) श्री विशाल दवे ने वैशाली नगर, रातीडांग, हरिभाऊ उपाध्याय नगर तथा फायसागर रोड के समारोह स्थल पर आयोजित विवाह समारोह में कोरोना गाईडलाइन की पालना सुनिश्चित करने के लिए समझाइश की। साथ ही आयोजकों के घर पहुंच कर सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनने तथा सैनेटाइजर का उपयोग करने के संबंध में पाबंद किया। उन्होंने घर-घर जाकर प्रत्येक आयोजक से व्यक्तिगत सम्पर्क कर इस संबंध में समझाइश की। साथ ही निर्देशों की अवहेलना करने पर जुर्माना वसूले जाने के बारे में विस्तार से बताकर पाबंद किया।

यह है जुर्माना प्रावधान
बिना सूचना विवाह या अन्य आयोजन, आयोजन में फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, सैनेटाइजेशन, थर्मल स्कैनिंग आदि नियमों की अवहेलना पर 5 हजार रूपए तथा 100 से अधिक व्यक्ति समारोह में पाए जाने पर 25 हजार रूपए जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

शादी समारोहों में कोरोना गाईडलाइन की पालना कराने के लिए टीम गठित
अजमेर, 25 नवम्बर। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए शादी सामारोहों में राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए तहसीलवार टीमें गठित की गई है।
जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि जिले में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए कोविड-19 गाईडलाइन की पालना सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए समस्त तहसील क्षेत्रों में टीमें गठित की गई है। तहसील अजमेर के समस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में होने वाले विवाह समारोह के लिए परिवार वालों को आयोजन के दौरान राज्य सरकार द्वारा जारी की गई गाईडलाइन एवं राजस्थान महामारी अधिनियम 2020 के तहत जारी किए गए विनियमों की पालना करवाने के लिए तहसीलदार अजमेर श्रीमती प्रीति चौहान के नेतृत्व में दल गठित किया गया है। इस दल में नायब तहसीलदार सराधना श्री घीसूलाल, नायब तहसीलदार अजमेर प्रथम श्री हरेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार अजमेर द्वितीय श्री तुक्का चंद तथा स्थानीय भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवारी एवं पंचायत कोर कमेटी के सदस्य शामिल है। इस दल द्वारा कोविड-19 के प्रॉटोकोल जैसे अनिवार्य फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, सैनेटाइजर का उपयोग, थर्मल स्कैनिंग तथा विवाह समारोह में मेहमानों की संख्या 100 से अधिक नहीं करने के लिए समझाइश कर पाबंद किया जाएगा।

error: Content is protected !!