द्वितीय चरण के लिए मतदान दल रवाना

पीसांगन, अजमेर ग्रामीण व श्रीनगर पंचायत समितियों में होगा कल मतदान
अजमेर, 26 नवम्बर। अजमेर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के दूसरे चरण के मतदान के लिए मतदान दल गुरूवार को राजकीय पॉलीटेक्नीक महाविद्यालय से गंतव्य के लिए रवाना हुए। मतदान दलों को मतदान सामग्री काउण्टरलेस तरीके से वितरित की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के द्वितीय चरण का मतदान पीसांगन, अजमेर ग्रामीण एवं श्रीनगर पंचायत समितियों में शुक्रवार 27 नवम्बर को प्रातः 7.30 बजे से सायं 5 बजे तक होगा। इसमें 3 लाख 71 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से एक लाख 88 हजार 623 पुरूष तथा एक लाख 82 हजार 657 महिलाएं हैं। पंचायत समिति पीसांगन के 19 वार्डों में 49 हजार 325 पुरूष व 47 हजार 301 महिलाएं, कुल 96 हजार 626 मतदाताओं के लिए 134 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इसी तरह पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण़ के 35 वार्डों में 89 हजार 677 पुरूष व 87 हजार 216 महिलाएं, कुल एक लाख 76 हजार 893 मतदाताओं के लिए 237 मतदान केन्द्र व 11 सहायक मतदान केन्द्र, पंचायत समिति श्रीनगर के 21 वार्डों में 49 हजार 621 पुरूष व 48 हजार 140 महिलाएं, कुल 97 हजार 761 मतदाताओं के लिए 133 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

काउण्टरलेस तरीके से हुआ मतदान सामग्री का वितरण
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण एवं रवानगी के समय प्रत्येक स्तर पर कोविड-19 निर्देशों की पालना की गई। इसके लिए निर्वाचन सामग्री वितरण का कार्य काउण्टरलेस रखा गया। मतदान दलों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ अंतिम प्रशिक्षण में बैठाया गया। प्रशिक्षण पाण्डाल में ही उनकी सीट के पास टेबल पर निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाई गई। इस नवाचार से मतदान दलों को अलग-अलग काउण्टरों पर से मतदान सामग्री इक्ट्ठी रहने के स्थान पर सीट पर ही एक जगह-एक साथ निर्वाचन सामग्री उपलब्ध हुई। इस सुविधा से अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचा जा सका।

निर्वाचन सामग्री संग्रहण के लिए रहेगी विशेष व्यवस्था
टोकन के अनुसार किसी भी काउण्टर पर हो सकेगी सामग्री जमा
अजमेर, 26 नवम्बर। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के द्वितीय चरण की निर्वाचन सामग्री संग्रहण के अंतर्गत टोकन जारी किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि निर्वाचन सामग्री संग्रह के दौरान भीड़-भाड़ से बचने तथा मतदान दल कार्मिकों को शीघ्र मुक्त करने के उद्देश्य से विशेष व्यवस्था की गई है। मतदान समाप्ति के पश्चात् लौटने पर मतदान दलों के नियुक्त कार्मिकों से सामग्री संग्रहण के लिए टोकन व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था में मास मैनेजमेंट सिस्टम का उपयोग किया गया है। इससे कतार रहित प्रक्रिया सम्पन्न होगी। इसके अंतर्गत मतदान दलों के संग्रहण स्थल पर बस के प्रवेश के साथ ही संबंधित पंचायत समिति को सामग्री संग्रहण में लगे कार्मिक बस में बैठे हुए मतदान दल को क्रमवार टोकन उपलब्ध करा देंगे। मतदान दल संबंधित पंचायत समिति के संग्रहण स्थल पर पहुंच कर अपना टोकन प्रस्तुत करेंगे। टोकन प्राप्त करने के लिए संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा पृथक से एक दल नियुक्त किया जाएगा, जो टोकन प्राप्त कर टोकन के क्रम में ही सामग्री जमा कराने के लिए माईक पर उद्घोषणा कर काउण्टर पर जाने के लिए निर्देशित करेगा।
उन्होंने बताया कि मतदान दल संग्रहण के लिए काउण्टर नम्बर एक व 2 के किसी भी उपकाउण्टर पर अपनी सामग्री जमा करा सकेगा। एक उप काउण्टर पर किसी मतदान दल द्वारा सामग्री जमा करा कर मुक्त होने पर टोकन व्यवस्था के लिए नियुक्त दल तत्काल अगले टोकन वाले दल को सामग्री जमा कराने के लिए माईक पर निर्देशित कर देगा। अपने टोकन की बारी आने तक प्रतीक्षारत मतदान दल प्रतीक्षा के लिए सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखेंगे। प्रत्येक पंचायत समिति के संग्रहण स्थल पर लाईट, माईक एवं टेन्ट व्यवस्था प्रकोष्ठ द्वारा प्रतीक्षारत मतदान दलों के बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र के लिए काउण्टर संख्या एक व 2 पर संग्रहण उप काउण्टर स्थापित किए जाएंगे। इस कारण एक काउण्टर पर अधिकतम लगभग 25 मतदान बूथ ही सामग्री जमा करवाएंगें।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के लिए संग्रहण स्थल राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में निर्धारित किया गया है। पंचायत समिति पीसांगन के 134 बूथों के लिए इलेक्ट्रोनिक ब्लॉक के बाहर 7, अजमेर ग्रामीण के 248 बूथों के लिए सिविल ब्लॉक के बाहर 10 तथा श्रीनगर के 133 बूथों के लिए मैन ब्लॉक के बाहर 7 उप काउण्टर स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि काउण्टर संख्या एक पर सील्ड ईवीएम जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य, पी-25, पीई-53, 54, 55, 56, 52 तथा कोविड-19 मतदाताओं की सूचना के अनसील्ड लिफाफे जमा होंगे। काउण्टर संख्या 2 पर सील्ड पीई-45 से 51 तथा अनसील्ड पीई- 57 लिफाफे जमा किए जाएंगे। पीई-57 (अनसील्ड) लिफाफे में अप्रयुक्त मतदाता पर्चियां, अप्रयुक्त एड्रेस टैग व स्पेशल टैग, मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति का प्रपत्र, चिन्हित मतदाता सूचियों से भिन्न मतदाता सूचियां, मतदाताओं की आयु संबंधी घोषणाऎं व सूची, अप्रयुक्त व क्षतिग्रस्त पेपर सीलें व स्टि्रप सीलें तथा अन्य विविध निर्वाचन कागजात जमा किए जाएंगें। इसी प्रकार काउण्टर संख्या 3 पर शेष स्थाई सामग्री जमा होगी। चुनाव लेखा भुगतान काउण्टर पर निर्वाचन सामग्री की जमा रसीद देखने के पश्चात् और अग्रीम राशि का समायोजन करने के उपरांत मतदान दल को कार्यमुक्त करने की कार्यवाही की जाएगी।

मतदान दिवस पर निर्वाचन क्षेत्र में कल रहेगा सार्वजनिक अवकाश
अजमेर, 26 नवम्बर। अजमेर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2020 के तहत जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पद के मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव-2020 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के द्वितीय चरण के अन्तर्गत पंचायत समिति पीसांगन, अजमेर ग्रामीण एवं श्रीनगर की 75 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्र की 90 ग्राम पंचायतों के 984 वार्डों के 504 मुख्य एवं 11 सहायक मतदान केन्द्रों पर शुक्रवार 27 नवम्बर को मतदान दिवस के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। पुर्नमतदान की स्थिति में जहां पुर्नमतदान होगा उन क्षेत्रों में पुर्नमतदान की तिथि को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

राजस्व मण्डल के अतिरिक्त रजिस्ट्रार को लगाया चुनाव पर्यवेक्षक
अजमेर, 26 नवम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं (जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य) के आम चुनाव-2020 के तहत पंचायत समिति क्षेत्र पीसांगन, अजमेर ग्रामीण तथा श्रीनगर के लिए श्री आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त रजिस्ट्रार राजस्व मण्डल राजस्थान, अजमेर को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इनका अस्थाई पता पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ कलेक्ट्रेट अजमेर रहेगा। इनके मोबाईल नम्बर 9829146799 है। इन पंचायत समितियों के पंचायतीराज संस्थाओं (जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य) के आम चुनाव के संबंध में व्यक्ति अथवा शिकायतकर्ता चुनाव पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ कलेक्ट्रेट अजमेर अथवा इनके मोबाईल पर सम्पर्क कर सकते है।

चुनावी कार्मिकों को दूसरे दिन भी माना जाएगा ड्यूटी पर
अजमेर, 26 नवम्बर। निर्वाचन कार्य में तैनात कार्मिकों एवं अधिकारियों को चुनाव कार्य समाप्ति के पश्चात् दूसरे दिन भी ड्यूटी पर माना जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं (जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य) के आम चुनाव-2020 के लिए मतदान अधिकारियों एवं चुनाव ड्यूटी में नियुक्त समस्त कार्मिकों को मतदान दिवस के बाद सामग्री संग्रहण के लिए वापसी देर रात्रि तक होने से दूसरे दिन चुनाव ड्यूटी पर माना जाएगा। उन्हें उस दिन अपने संबंधित विभाग में उपस्थिति दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही इस दिवस का इन्हें कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

error: Content is protected !!