अब सरकारी नौकरी, योजना और मनोरंजन से जुड़ी जानकारी सिर्फ एक मिस्ड कॉल पर “नौबत बाजा” मिस्ड कॉल वाला रेडियो

राज्य सरकार, यूएनएफपीए और जीवन आश्रम संस्था मिल कर चला रहे यह अनूठा रेडियो
मिस्ड कॉल करे 7733959595 पर

अजमेर 15 दिसम्बर। अब सरकारी नौकरी, योजनाओं, मुद्दों, कैरियर और मनोरंजन से जुड़ी जानकारी सिर्फ एक मिस्ड कॉल पर। यह सब मिलेगा राज्य सरकार, यूएनएफपीए और जीवन आश्रम संस्था के मिस्ड कॉल वाले रेडियो नौबत बाजा पर। आपको सिर्फ 7733959595 पर मिस्ड कॉल करना है। इसके बाद आपके पास नौबत बाजा से कॉल आएगा। जिस पर मिलेगी यह सारी जानकारियां।

जीवन आश्रम संस्था की राधिका शर्मा ने आज अजमेर में पत्रकारों से चर्चा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश भर में विभिन्न विषयों पर सामाजिक जागरूकता में रेडियो, टेलिविजन, इंटरनेट तथा सोशल मीडिया की भूमिका को हम सबने देखा और महसूस किया है। इन्ही सब संचार माध्यमों को आपस में मिला कर लोगों तक मनोरंजन और जरूरी जानकारियां पहुंचाने के लिए एक अनोखी पहल राजस्थान में किया जा रहा है। इस प्रयोग का नाम है नौबत बाजा मिस्ड कॉल वाला रेडियो। इसमें मोबाइल फोन और रेडियो चैनल दोनों को आपस में जोड़ा गया है और शिक्षा व मनोरंजन का एक ऎसा माध्यम विकसित किया गया है जो पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हो रहा है। आपको सिर्फ 7733959595 नम्बर पर मिस्ड कॉल करना होता है। मिस्ड कॉल करने के बाद दूसरे नंबर से आपके पास कॉल आता है। इस कॉल में 15 मिनिट तक ना सिर्फ आपको आपके पसंदीदा गाने या कोई मनोरंजक कार्यक्रम सुनाने के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, लैंगिक समानता, बाल विवाह, स्वच्छता जैसे अनेक विषयों पर कोई संदेश भी दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2019 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को इस अनोखी पहल मोबाइल रेडियो प्रोजेक्ट की शुरूआत की थी। राजस्थान सरकार की महिला व बाल विकास मंत्री ममता भूपेश द्वारा इसका शुभारम्भ किया गया। इसका संचालन जयपुर की जीवन आश्रम संस्था द्वारा किया जा रहा है। राज्य सरकार राजस्थान, रूरल इलेक्टि्रफिकेशन कॉर्पोरेशन फाउंडेशन एवं यूएनएफपीए के सहयोग से इस प्रोजेक्ट को शुरू किया गया है। सरकार के विभिन्न विभाग जैसे महिला व बाल विकास, सामाजिक न्याय व अधिकारिता, चिकित्सा व स्वास्थ्य शिक्षा आदि इससे जुड़े हुए हैं और अपने विभागों से जुड़ी नवीनतम जानकारियां इस प्रोजेक्ट को भेजते हैं। जैसे स्वास्थ्य विभाग ना सिर्फ अपनी विभागीय जानकारियां और योजनाएं बताता है, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए रोचक संदेश भी देता है। इसी तरह महिला व बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं और बच्चों के विकास, बाल विवाह के उन्मूलन, बच्चों के स्वास्थ्य और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में बताया जाता है।

इस प्रोजेक्ट के संदेशों में सबसे बड़ा फोकस बढ़ते बच्चों यानी किशोर-किशोरियों पर है। समाज का यह एक ऎसा वर्ग है जो इस अवस्था में कई तरह के शारीरिक और मानसिक बदलावों से गुजरता है। ग्रामीण ही नहीं शहरी क्षेत्रों में भी किशोर-किशोरियां अपने इन बदलावों के बारे में अपने माता-पिता या रिश्तेदारों से खुल कर चर्चा नहीं कर पाते हैं। ऎसे में उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पाती है और कई तरह के स्वास्थ्य सम्बन्धी तथा मानसिक समस्याएं खड़ी हो जाती हैं। आज के समय में इन किशोर किशोरियों और युवाओं में मोबाइल फोन आसानी से उपलब्ध है।

प्रोजेक्ट का संचालन कर रही जीवन आश्रम संस्था की संस्थापक राधिका शर्मा का कहना है कि हम मोबाइल तकनीक के इस फैलाव का ही सही दिशा में उपयोग कर रहे हैं। किशोर- किशोरियों का मोबाइल उन्हें ना सिर्फ मनोरंजन दे बल्कि सही दिशा भी दिखाए उनकी समस्याओं का समाधान करे और उन्हें समस्याओं से बचाए यही हमारा उद्देश्य है। साथ ही साथ अपने विचार प्रकट करने के लिए एक मंच नौबत बाजा दिया गया है जो कि बिल्कुल बिलकुल निःशुल्क है। यह मोबाइल रेडियो चैनल मिस्ड कॉल देने वाले कॉलर का अपने 15 मिनिट के कैप्सूल में भरपूर मनोरंजन करता है और साथ ही सामाजिक संदेश भी देता है।

रेडिया और विशेषकर कम्युनिटी रेडियो सामजिक जागरूकता संदेशों के प्रसार में काफी सहायक सिद्ध हुआ है लेकिन रेडियो के संदेश सार्वजनिक होते है। उसे सब सुन सकते हैं। आमतौर पर लोग अपने काम करते हुए उसे सुनते है ऎसे में जरूरी संदेशों पर ध्यान जाता है इस तकनीक की सबसे अच्छी बात यह है कि यह काफी हद तक व्यक्तिगत है। जो कुछ भी रेडियो पर बताया जाता है कॉलर उससे अपने आप को जोड़ सकता है। ऎसे में सुनने वालों को एक व्यक्तिगत जुड़ाव महसूस होता है और इसका असर सार्वजनिक संदेश के मुकाबले कहीं ज्यादा होता है। यही कारण है कि यह नौबत बाजा मिस्ड कॉल वाला रेडियो काफी लोकप्रियता हासिल कर चुका है। हर रोज काफी अच्छी संख्या में मिस्ड कॉल्स पूरे प्रदेश से आते हैं। इसके प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यशालाएं और विभिन्न कार्यक्रम किए जाते हैं। इसका अपना फेसबुक पेज है। यह इंस्टाग्राम पर भी उपलब्ध है और अब इसे व्हाट्सप्प गु्रप्स के जरिए प्रचारित करने की योजना भी चल रही है।

श्री शरद त्रिपाठी, जिला युवा समन्वयक, नेहरू युवा केंद्र का कहना है कि “आज का युग सूचना का युग हैं, जिसके पास सूचना है वही अच्छा जीवन जी सकेगा । नौबत बाजा इन्ही सूचनाओ को गांव में बैठे अंतिम व्यक्ति तक इन सूचनाओ को पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। साथ ही मनोरंजन भी देता है। नौबत बाजा पर मिस्ड कॉल कर जाने सामाजिक मुद्दों, करियर, स्वस्थ्य संबंधित जानकारी, सरकारी योजनाए और साथ ही साथ सुने मजेदार, चुटकुले, गाने, नाटक और कहानियाँ।

error: Content is protected !!