अजमेर, 25 दिसम्बर। राजस्थान युवा बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए युवा कलाकार अपनी कला को अपलोड कर सकते हैं।
जिला युवा अधिकारी श्री शरद त्रिपाठी ने बताया कि राजस्थान युवा बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय युवा महोत्सव की तैयारियों के अंतर्गत युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों एवं क्षेत्रों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। इसके लिए 15 से 29 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई है। आयु की गणना आगामी एक जनवरी 2021 के आधार पर की जाएगी। इसमें गायन, नृत्य, क्षेत्रीय पोशाक का आकर्षक प्रदर्शन, दृश्य कला, नाटक, अभिव्यक्ति कला, ज्ञान सत्र एवं योग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न कलाओं के प्रतिभावान युवा भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 29 दिसम्बर सांय 5 बजे तक राजस्थान यूथ बोर्ड की वेबसाईट पर आवेदन कर वीडियो अपलोड कर सकते है। यह वीडियो निर्णायकों द्वारा जांचा जाएगा। चयनित युवा कलाकार राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे। इसमें उत्कृष्ट प्रर्दशन करने वालों को राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा।