अजमेर, 28 दिसम्बर। नववर्ष के अवसर पर आगामी 31 दिसम्बर से 2 जनवरी तक ऑनलाईन ध्यान कार्यक्रम का आयोजन हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा किया जाएगा।
हार्टफुलनेस संस्थान के अजमेर केन्द्र प्रभारी श्री शैलेष गौड़ ने बताया कि वर्ष 2020 में विश्वव्यापी महामारी से जीवन और अर्थ पर आए संकट से बाहर निकलकर नई आशा और परिवर्तन के साथ नववर्ष में प्रवेश करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय ऑनलाईन ध्यान कार्यक्रम का आयोजन आगामी 31 दिसम्बर से 2 जनवरी तक सायं 6 बजे किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बाबा रामदेव, बहन ब्रह्मकुमारी शिवानी, कमलेश पटेल दाजी एवं गौर गोपाल दास अपनी वार्ताएं देंगे। कार्यक्रम संचालन फिल्मकार श्री शेखर कपूर द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तीनों दिन वार्ताओं के पश्चात् ध्यान करवाया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति अपना रजिस्ट्रेशन हार्टफुलनेस ऑर्गेनाईजेशन की वेबसाइट पर रिफ्रेश 2021 के माध्यम से कर सकते हैं। संस्थान के द्वारा जारी नम्बर 8939589295 पर मिस्ड कॉल करके भी पंजीयन करवाया जा सकता है।