जनता के समर्थन से फिर बनेगा भाजपा का बोर्ड: देवनानी

अजमेर, 17 जनवरी।
पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर की जनता के समर्थन से नगर निगम में इस बार भी भारतीय जनता पार्टी का ही बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के दो साल के कार्यकाल में अजमेर शहर में केन्द्र सरकार की स्मार्ट सिटी योजना को छोड़कर किसी भी क्षेत्र में कोई विकास नहीं हो सका है। शहर की सड़के उखड़ी पड़ी है, जनता को नियमित व पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश में बिजली के बिलों में बढ़ोतरी व महंगे पेट्रोल-डीजल के कारण आम आदमी के घर का बजट बेपटरी हो चुका है।
देवनानी रविवार को भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांव-ढाणी से शहर होते हुए राजधानी तक कांग्रेस अपनी अंदरूनी खींचतान में उलझी हुई है जिसका ताजा उदाहरण है अजमेर शहर के 6 वार्डो में कांग्रेस को प्रत्याशी ही नहीं मिले। अजमेर के 80 वार्डो में से 74 वार्डो से ही कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है। कांग्रेस को तीन मुस्लिम बाहुल्य वार्डो में भी प्रत्याशी नहीं मिले जबकि एक वार्ड में कांग्रेस द्वारा नामांकन नहीं भरे जाने से भाजपा का प्रत्याशी निर्विरोध आ गया है। इसके अतिरिक्त दो वार्डो में कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन खारिज हो गये। उन्होंने कहा कि मुस्लिम वार्डो को टिकिट से वंचित रखने से कांग्रेस का असली चेहरा व चरित्र सबके सामने आ गया है कि कैसे कांग्रेस द्वारा वर्ग विशेष को केवल और केवल वोट बैंक के रूप में काम में लिया जाता है।
देवनानी के निवास पर रविवार को अजमेर उत्तर के भाजपा प्रत्याशियों की बैठक भी आयोजित हुई जिसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में तय हुआ कि भाजपा प्रत्याशी घर-घर सम्पर्क कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियां गिनाते हुए केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां जन-जन को बताएंगे।
शनिवार को वार्ड 1 से भाजपा प्रत्याशी सतीश बंसल एवं वार्ड 2 से मनोज मामनानी के कार्यालय का उद्घाटन हुआ। रविवार को वार्ड 3 से प्रतिभा पाराशर, वार्ड 66 से नीरज जैन, वार्ड 68 से इन्द्रा यादव व वार्ड 79 से वीरेन्द्र वालिया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन हुआ। चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नागरिकों ने उपस्थित होकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन व्यक्त किया।
इस अवसर पर निवर्तमान महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविन्द यादव, जिला उपाध्यक्ष आनन्द सिंह राजावत, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, अनीश मोयल, ज्ञान सारास्वत, सीताराम शर्मा, ललित केसवानी, धर्मराज गौतम, संजय अरोडा, अनुपम गोयल सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!