चुनाव प्रचार चरम पर

*शहर के विकास में भाजपा बनी रोड़ा, पिछले दस सालों में भाजपा के बोर्ड के बावजूद शहर की दुर्दशा कांग्रेस नेता सागर शर्मा का आरोप*

कांग्रेस अपराधी किस्म के लोगो को टिकट देकर उनके दम पर बदलना चाहती है शहर की तस्वीर-अनिल मित्तल चुनाव संयोजक -भा ज पा
केकड़ी 21 जनवरी(पवन राठी)
केकड़ी नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस ने ताकत झोंक दी है, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी भी जूझ रहे हैं। चुनाव प्रचार की गति अब परवान चढ़ने लगी है। कांग्रेस की कमान युवा नेता सागर शर्मा व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत ने संभाल रखी है। वहीं भाजपा की कमान चुनाव संयोजक अनिल मित्तल के हाथ है, उन्हें भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रहे हैं। ज्यों-ज्यों मतदान की तारीख नजदीक आ रही है त्यों-त्यों चुनाव रोचक होता जा रहा है। दोनों दलों की ओर से जहां मतदाताओं को आकर्षित करने का सिलसिला शुरू हो चुका है वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए भाजपा नेता पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया कल यहां आ रहे हैं वे केकड़ी व सरवाड़ में कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करेंगे, उधर कांग्रेस की ओर से राज्य के चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा का भी चुनाव तक यहीं ठहरने का कार्यक्रम है। कांग्रेस व भाजपा के नेता वार्डों का दौरा कर चुनाव कार्यालयों का उदघाटन कर नुक्कड़ सभाओं को सम्बोधित कर रहे हैं। नुक्कड़ सभाओं में दोनों दलों की ओर से आरोप प्रत्यारोपों की बौछार हो रही है। भाजपा के चुनाव संयोजक अनिल मित्तल ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने अपराधी किस्म के लोगों को भी टिकट दिए हैं। आखिर कांग्रेस क्या साबित करना चाहती है, क्या अपराधी प्रवर्ति के लोगों को जीताकर शहर की तस्वीर बदली जा सकती है। मित्तल ने बताया कि कांग्रेस ने सट्टा व्यापार से जुड़े लोगों को भी टिकट दिया है, क्या ऐसे लोग जीतकर युवाओं को सही दिशा दे पाएंगे या शहर के विकास में भूमिका निभा पाएंगे। ऐसे लोगों के जीतकर आने से सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस किस तरह का विकास चाहती है। नुक्कड़ सभाओं को सम्बोधित करते हुए भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका ने भी कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जबसे कांग्रेस की सरकार बनी है शहर का विकास थम गया है। उन्होंने कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का भी आरोप लगाया। विनायका ने कहा दो साल हो गए क्षेत्रीय विधायक राज्य के चिकित्सा मंत्री केवल चुनाव के मौकों पर ही नजर आते हैं बाकी वे क्षेत्र में दिखाई नहीं देते। आज केकड़ी शहर सहित पूरे क्षेत्र में लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं जिनकी कोई सुध लेने वाला नहीं। भाजपा के दर्जनभर क्षेत्रीय नेता नुक्कड़ सभाओं में राज्य सरकार की विफलताएं व केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाकर भी वोट मांग रहे हैं। उधर कांग्रेस नेता भी आरोप प्रत्यारोप लगाने में पीछे नहीं हैं। युवा नेता सागर शर्मा का आरोप है कि भाजपा के लोग न तो खुद शहर का विकास चाहते हैं और न ही कांग्रेस को विकास करने देना चाहते। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों से लगातार भाजपा का यहां बोर्ड रहा है, मगर शहर की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं। पिछली बार जब डॉ रघु शर्मा यहां विधायक थे तब उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया था लेकिन तत्कालीन भाजपा के पालिकाध्यक्ष ने उसे शुरू होने के साथ ही बंद करा दिया। इसी प्रकार पिछले सालों में भाजपा के बोर्ड में शहर का विकास नहीं हुआ। पर्याप्त बजट होते हुए भी पालिकाध्यक्ष मित्तल ने कोई काम नहीं होने दिए, उन्होंने शहर के विकास के लिए स्वीकृत योजनाओं की फाइलों पर हस्ताक्षर तक नहीं किये। सागर शर्मा ने कहा कि डॉ रघु शर्मा का विजन केवल विकास है, अगर जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया तो कांग्रेस का बोर्ड बनने के तुरंत बाद ही विकास की गंगा बहने लगेगी और ऐतिहासिक विकास कार्य होंगे जिसे शहर के लोग कभी भुला नहीं पाएंगे। कांग्रेस नेता शैलेन्द्र सिंह शक्तावत भी नुक्कड़ सभाओं में भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए जनता से अपील करते हुए दिखाई दिए। शक्तावत ने कहा कि पिछले दो बार लगातार जनता ने भाजपा को बहुमत दिया जिसका कार्य भी देख लिया इस बार जनता कांग्रेस को मौका दे और देखे की विकास किसे कहते हैं। उन्होंने कहा कि शहर का सर्वांगीण विकास चाहते हैं तो डॉ रघु शर्मा के हाथ मजबूत करें। कांग्रेस नेता केन्द्र सरकार की विफलताओं व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। कुल मिलाकर आरोप प्रत्यारोपों के बीच चुनाव प्रचार परवान चढ़ रहा है।

error: Content is protected !!