रविवार को राममय हुआ ब्यावर

केंद्रीय मंत्री जुगलकिशोर ने कहा- श्रीराम भक्ति में अग्रणी है यह धर्मनगरी, कई क्षेत्रों में रैली और रथयात्रा का हुआ आयोजन
ब्यावर, 24 जनवरी। रविवार को शहर राममय हो गया। कहीं वाहन रैली तो कहीं रथयात्रा का आयोजन हुआ। गगन प्रभु श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो गया। हाथों में भगवा पताकाएं लहराते हुए भक्तों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सह प्रचार प्रमुख सुमित सारस्वत ने बताया कि श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान के तहत रविवार सुबह शंखेश्वर मंडल की ओर से विशाल वाहन रैली निकाली गई। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री जुगलकिशोर शर्मा ने भगवा पताका लहराकर रैली का शुभारंभ किया। यह रैली सेंदड़ा रोड शिव मंदिर से प्रारंभ हुई। यहां से जमालपुरा, पृथ्वीराज चौहान कॉलोनी, कुमावत कॉलोनी, फतेहपुरिया दोयम, जालिया रोड, गोविंदपुरा होते हुए मोती नगर पहुंची।
केंद्रीय मंत्री जुगलकिशोर शर्मा ने कहा कि ब्यावर जगदगुरु शंकराचार्य निरंजनदेवजी की जन्मस्थली व पवित्र धर्म नगरी है। यहां के लोग श्रीराम की भक्ति में सदैव आगे रहते हैं। कारसेवा में भी यहां के भक्तों ने अहम भूमिका निभाई थी। अब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने के लिए रामभक्त घर-घर जाकर समर्पण निधि संग्रह कर रहे हैं। पूरे शहर में उल्लासमय वातावरण है। यह निश्चित है कि ब्यावर निधि समर्पण में अग्रणी रहेगा। जन्मभूमि पर बनने वाले मंदिर में इस शहर की अहम भागीदारी होगी। मंदिर बनने के बाद जब दर्शन के लिए जाएंगे तो खुद को गौरवांवित महसूस करेंगे।
इसी तरह आजाद मंडल की ओर से मसूदा रोड व देलवाड़ा रोड क्षेत्र में विशाल वाहन रैली निकाली गई। यह रैली लोहिया बगीची शिव मंदिर से प्रारंभ होकर बसंत कॉलोनी, दाधीच कॉलोनी, हीरा नगर, अभिषेक नगर, देलवाड़ा रोड क्षेत्र से गुजरी। रैली में शामिल युवा भगवा ध्वज लहराते हुए प्रभु श्रीराम के जयघोष लगा रहे थे। युवाओं ने संकल्प लिया कि जन्मभूमि मंदिर को भव्य बनाने के लिए समर्पण अभियान में सक्रिय रहेंगे।
श्रीराम हमारे आराध्य देव
रविवार शाम वार्ड संख्या 41 में श्रीराम रथयात्रा निकाली गई। संत केवलराम रामस्नेही ने प्रभु श्रीराम का पूजन कर यात्रा का शुभारंभ किया। संत ने कहा कि श्रीराम हमारे आराध्य देव हैं। उनके मंदिर निर्माण में हर व्यक्ति को समर्पण करना चाहिए। कॉलेज लिंक रोड से प्रारंभ हुई रथयात्रा में रामभक्तों ने संकीर्तन करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने अपने घरों के बाहर आरती व पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रेम नगर, महावीर कॉलोनी, हीरा नगर, गोपाल नगर, जालिया रोड व अन्य क्षेत्रों से मातृशक्ति व युवाओं के साथ क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

सुमित सारस्वत
सह प्रचार प्रमुख
श्री राम मंदिर निर्माण निधि संग्रह समिति

error: Content is protected !!