कांग्रेस किसी भी वार्ड में भाजपा से मुकाबले की स्थिति में नहींः देवनानी

अजमेर, 24 जनवरी। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि अजमेर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस किसी भी वार्ड में भाजपा से मुकाबले की स्थिति में नहीं है। इसलिए कांग्रेस न तो किसी वार्ड में जीतेगी और ना ही बोर्ड बनाने की स्थिति में होगी।
उन्होंने यह बात रविवार को उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पार्टी कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों की बैठकों को संबोधित करते हुए और मतदाताओं से संपर्क साधते हुए कही। देवनानी ने कहा कि कांग्रेस अपने ही कर्मों से रसातल में जा चुकी है। कांग्रेस छह वार्डों में अपने प्रत्याशी खड़े नहीं कर पहले ही हार मान चुकी है। जिन वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशी मैदान में हैं, वहां उन्हें कांग्रेस के कुशासन के कारण लोगों की भारी नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है।
देवनानी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अभी तक अपने दो साल के कार्यकाल में जनकल्याण के लिए एक भी ऐसा कदम नहीं उठाया है, जिसकी कोई उपलब्धि गिनाई जा सके। बिजली के बिल करंट मार रहे हैं, तो कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आए दिन अपहरण, हत्या, लूट, चोरी, डकैती और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इन सबके बावजूद कांग्रेस सरकार बड़ी बेशर्मी से गुणगान कर रही है।
देवनानी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में सबसे पहले स्मार्टसिटी की सौगात अजमेर को दी और अरबों रूपए के प्रोजेक्ट मंजूर किए, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने एक भी काम को तेजी से कराना मुनासिब नहीं समझा। यही कारण है कि अधिकांश कार्य बहुत धीमी गति से चल रहे हैं। इससे केंद्र से मिलने वाले धन का समय पर सदुपयोग नहीं हो पा रहा है।
मतदाताओं से साधा संपर्क
देवनानी ने रविवार को राधा विहार में वार्ड तीन की भाजपा प्रत्याशी प्रतिभा पाराशर, अम्बा काॅलोनी, नागफणी में वार्ड छह के भाजपा प्रत्याशी सुरेश नवाल, रेम्बुल रोड पर शिव मंदिर के पास वार्ड 72 के भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा और हाथीभाटा स्थित गौतम स्कूल में वार्ड 68 की भाजपा प्रत्याशी इंद्रा यादव के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क साधा, क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने वार्ड एक के भाजपा प्रत्याशी सतीश बंसल के समर्थन में सरपंच का कोटड़ा और रावतों की हथाई में जनसंपर्क किया व क्षेत्रवासियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रगति नगर स्थित पिंक गार्डन में क्षेत्रवासियों की ओर से वार्ड एक के भाजपा प्रत्याशी सतीश बंसल व वार्ड दो के भाजपा प्रत्याशी मनोज मामनानी के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को भी संबोधित किया। इसके बाद दोनों वार्डों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। देवनानी ने वार्ड 60 से भाजपा प्रत्याशी डिम्पल शर्मा के कुन्दन नगर क्षेत्र में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया।

error: Content is protected !!