लोन की राशि प्रभु श्रीराम को समर्पित

ब्यावर, 20 फरवरी। तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित की भावना के साथ प्रभु श्रीराम के अयोध्या जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर के लिए भक्त हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। भक्तों के मन का भाव ऐसा कि उनके लिए प्रभु का धाम प्राथमिकता बन गया है। इसका ताजा उदाहरण ब्यावर में देखने को मिला। यहां मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए चलाए जा रहे निधि समर्पण अभियान में एक भक्त ने बेटी की शिक्षा हेतु लिए गए लोन को प्रभु श्रीराम की सेवा में समर्पित कर दिया। निधि संग्रह समिति के सह प्रचार प्रमुख सुमित सारस्वत ने बताया कि टोली कार्यकर्ता पीपलाज क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे थे। इस दौरान रुपारेल गांव में एक भक्त ने भगवान के लिए सर्वस्व समर्पण का परिचय दिया। यहां बहादुर सिंह चौहान ने एक लाख 11 हजार 111 रुपए की निधि समर्पित की। उनकी माता महफूलदेवी ने बताया कि बहादुर ने यह राशि पोती की पढ़ाई के लिए लोन ली थी मगर हम बरसाें से भगवान श्रीराम का मंदिर बनने की आस लगाए बैठे थे। आज यह अवसर आया है तो इसके निर्माण में भागीदार बनना हमारा सबसे बड़ा धर्म है। लोन की राशि चुकाने के लिए परिवार के लोग ज्यादा मेहनत करेंगे। बहादुर सिंह पर्यावरण गतिविधि के विभाग प्रमुख हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं। उनकी बेटी सुरभि ताजिकिस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। बहादुर सिंह ने समर्पण राशि का चैक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक धर्मराज, परियोजना प्रमुख लक्ष्मीनारायण व सह परियोजना प्रमुख पृथ्वी सिंह, रविशंकर पारीक, बालमुकुंद, गुलाब सिंह को सौंपा। इस दौरान उनके परिवार से सम्माजी, सुवालाल, महेंद्र सिंह, गीता देवी, डाला देवी, सुशीला देवी, सूरमा देवी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। निधि समर्पण अभियान में शहरी क्षेत्र के साथ गांव-ढाणी में भी भक्तों का उत्साह चरम पर दिख रहा है। कई लोग तो दूरभाष के जरिए संपर्क कर टोली कार्यकर्ताओं को समर्पण के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

error: Content is protected !!