अजमेर स्थापना दिवस पर वैदिक यज्ञ और विचार गोष्ठी का आयोजन

पृथ्वीराज फाउंडेशन और आर्य वीर दल अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि दयानंद निर्वाण न्यास भिनाय कोठी के प्रांगण में अजमेर का 909 वां स्थापना दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर वैदिक विद्वान आचार्य शक्ति नंदन जी के ब्रम्हत्व में वैदिक यज्ञ आयोजित किया गया जिसमें राष्ट्र के कल्याण की कामना के मंत्रों द्वारा आहुति दी गई। इसके उपरांत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसे संबोधित करते हुए आचार्य शक्ति नंदन ने कहा कि अजयमेरु अजेय और मेरु से मिल कर बना है अर्थात जिसे कोई पराजित नहीं कर सकता। इस शहर को चौहान शासकों ने पर्वत श्रृंखलाओं के मध्य सुरक्षा की दृष्टि से और प्राकृतिक सौंदर्य के मध्य बसाया। उन्होंने कहा कि हमें हमारी गौरव में संस्कृति को कभी नहीं भूलना चाहिए।

पृथ्वीराज फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ पूनम पांडे ने कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि हम पृथ्वीराज चौहान की नगरी के वासी हैं और हमें महान शासकों के इतिहास अवश्य पढ़ने चाहिए साथ ही उन्होंने आर्य वीरों को गीत भी सुनाए। फाउंडेशन के सचिव दीपक शर्मा ने कहा कि शौर्य गाथाओं से ओतप्रोत नगरी अजमेर को धार्मिक नगरी का गौरव भी प्राप्त है जहां ब्रह्मा मंदिर, तीर्थराज पुष्कर और ख्वाजा साहब की दरगाह के साथ सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महर्षि दयानंद सरस्वती की निर्वाण स्थली भी है, अजमेर के इतिहास में आर्य समाज की भी बड़ी भूमिका रही है। गोष्टी को नेहरू युवा केंद्र के संयोजक शरद त्रिपाठी, आकार आर्ट ग्रुप के सचिव लक्ष्यपाल सिंह राठौड़, संदीप पांडे, ऋषि राज सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर आर्यवीरों ने योग प्रशिक्षक मानसिंह के निर्देशन में कर्णप्रिय संगीत पर आसनों की बेहतरीन प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संयोजन आर्य वीर दल के जिला संचालक विश्वास पारीक ने किया। महर्षि दयानंद निर्वाण न्यास के प्रधान डॉ श्री गोपाल बाहेती ने अतिथियों को आर्य साहित्य भेंट किया।

आकर्षक ग्रीटिंग से लोगो को जागरूक किया : पृथ्वीराज फाउंडेशन की ओर से अजमेर के पर्यटन स्थलों और पुराने स्मारकों के खूबसूरत चित्र के होर्डिंग शहर में लगवाए गए फाउंडेशन के सचिव दीपक शर्मा ने बताया कि इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आकर्षक ग्रीटिंग बनाकर सोशल मीडिया पर शुभकामना संदेश प्रेषित किए गए जिन्हें हजारों की संख्या में लोगों ने अपने स्टेटस व सोशल मीडिया पर अपलोड किया।

10 वर्षो से मना रहे है स्थापना दिवस : सन 2011 में तत्कालीन कलेक्टर श्रीमती मंजू राजपाल की पहल पर इंटेक अजमेर चैप्टर के साथ पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के दिवंगत अधीक्षक सैयद आजम हुसैन और इतिहासकार ओम प्रकाश शर्मा के प्रयासों से अजमेर स्थापना दिवस मनाने का सिलसिला शुरू हुआ। पृथ्वीराज फाउंडेशन और इंटेक अजमेर चैप्टर ने इस सिलसिले को लगातार जारी रखा।

error: Content is protected !!