-देवनानी ने ऊर्जा और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ.बी.डी.कल्ला को दिया ज्ञापन
-अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए अधिकारी करते हैं हास्यास्पद बातें
-चम्बल का पानी अजमेर लाने की योजना को अमल में लाया जाए
-जलदाय विभाग में एक्सईएन का खाली पद भरा जाए
-बीसलपुर से अजमेर तक आ रही सीमेंट की एक पाइप लाइन को स्टील में बदला जाए

देवनानी ने सोमवार को ऊर्जा और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी डाॅ.बी.डी.कल्ला को अजमेर प्रवास के दौरान दिए ज्ञापन और बातचीत में कहा कि अजमेर की पेयजल समस्या का स्थाई समाधान चम्बल का पानी अजमेर लाकर किया जा सकता है। इसके लिए बहुत साल पहले योजना बनी थी और सर्वे भी हो चुका है। यदि इस योजना को अमल में लाया जाता है तो यह अजमेर के वरदान साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि जलदाय विभाग में एक्सईएन का पद काफी समय से रिक्त है। इस पद पर कामचलाऊ अधिकारी लगाया हुआ है, जो व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल हैं।
देवनानी ने कहा कि बीसलपुर बांध से अजमेर के लिए दो पाइप लाइन आ रही है। इनमें एक स्टील और दूसरी सीमेंट की है। सीमेंट वाली पाइप लाइन को भी स्टील की पाइप लाइन में परिवर्तित कराकर अजमेर की जनता को पेयजल की समस्या निजात दिलाई जा सकती है। बीसलपुर बांध योजना का जो वर्तमान फेज है, वह केवल वर्ष 2021 तक निर्धारित है। उसके अगले चरण के लिए भी जल्द से जल्द प्रारूप तैयार कराया जाना चाहिए।
देवनानी ने ज्ञापन में उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न गंभीर पेयजल संकट और बिजली समस्या का मुद्दा उठाते हुए त्वरित समाधान कर जनता को राहत पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पूर्व में पेयजल वितरण 48 घण्टे के अंतराल से हो रहा था, जो वर्तमान में 72 से 96 घण्टे हो गया है। जलदाय विभाग के अधिकारियों के अनुसार अजमेर शहर को जितना एमएलडी प्रतिदिन पानी की आवश्यकता है, उसके अनुरूप अजमेर को पानी आपूर्ति हो रही है। लेकिन विभाग के अधिकारियों के समुचित प्रबंधन एवं माॅनिटरिंग के अभाव में उत्तर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल समस्या बनी हुई है। जबकि स्मार्ट सिटी में अजमेर की जनता को 24 घंटे के अंतराल में पानी देने का वादा है। जनता बुरी तरह परेशान व त्रस्त है।
देवनानी ने कहा कि जलदाय विभाग एवं विद्युत विभाग में सामंजस्य नहीं होने के कारण आए दिन पम्प स्टेशन पर ट्रिपिंग की समस्या रहती है ,जिससे आगे पानी पम्प नहीं हो पाता एवं पेयजल वितरण व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाती है। इस क्षेत्र मेें जल वितरण का प्रेशर इतना कम है कि जनता को पीने का पानी भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहा है, जिससे जनता में आक्रोश बढता जा रहा है। क्षेत्र में कई स्थानांे पर पाइप लाइन लीकेज होने की वजह से सैकड़ों गैलन पानी व्यर्थ बह जाता है। जलदाय विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को क्षेत्रवासियों द्वारा अनेक बार शिकायत करने पर भी उसका समाधान नहीं हो पा रहा है।
देवनानी ने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के गंज, उतार घसेटी, लौंगिया मोहल्ला, नहर मोहल्ला जैसे अनेक स्थानो पर गंदे पानी के वितरण की शिकायतें आ रही हंै, जिसका तत्काल समाधान किया जाना अत्यंत आवश्यक है। राजकीय बस स्टैंड के पास जलदाय विभाग का एक वाल्व है, जिसको खोलने पर विधानसभा क्षेत्र की आवंटित पेयजल का निकास समीपवर्ती विधानसभा क्षेत्र में हो जाता है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पूर्व में भी इस प्रकरण की शिकायत सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को की जा चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा उस पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
देवनानी ने ज्ञापन में कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में अनेक स्थानों पर जल वितरण का कोई निर्धारित समय नहीं होने के कारण नौकरीपेशा एवं व्यापारी वर्ग को समस्या होती हैं। इसलिए पेयजल आपूर्ति निश्चित समय पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर आज भी पुरानी सीमेंट की पाइप लाइन डली हुई है, जो आए दिन टूटती रहती है। जलदाय विभाग द्वारा सीमेंट की पाइप लाइन का बहाना बनाकर उन क्षेत्रो में प्रेशर नहीं खोला जाता हैं। कई क्षेत्रो में नए मकान बन जाने से पाइप लाइन छोटी पड़ने लगी है, वहां बड़ी पाइप लाइन बिछाने की आवश्यकता है।
देवनानी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जलजीवन मिशन योजना के तहत तय राशि राज्य सरकार पूरा खर्च नहीं कर पाई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को इसका वांछित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की तरह शहरी क्षेत्रों में भी जलजीवन मिशन योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बनाए गए स्टोरेज की वजह से शहर की पेयजल व्यवस्था थोड़ी-बहुत संभली हुई है, वरना कांग्रेस सरकार ने तो लोगों को प्यासा रखने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।
बिजली संबंधी समस्याएं
देवनानी ने कहा कि वर्तमान बिजली के बिलांे मेें स्थाई मीटर शुल्क, फ्यूल चार्ज, सरचार्ज (अरबन सैस), फिक्स चार्ज जोड़कर उपभोक्ताओं को हर महीने भारी राशि के बिल भेजे जा रहे हैं। देवनानी ने शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष महेंद्रसिंह रलावता के इस बयान में हास्यास्पद बताया कि बिजली के बिल में बढ़ोतरी टाटा पाॅवर कंपनी करती है। देवनानी ने कहा कि सरकार ही दरें बढ़ाने और चार्जेज लगाने का काम करती है। इसलिए कांग्रेस सरकार ही जनता पर आर्थिक भार थोप रही है। उन्होंने कहा कि बिजली की लाइनांे में आए दिन हो रही ट्रिपिंग होती है। बिजली आपूर्ति रोक दी जाती है, जिससे जनता को इस भीषण गर्मी में परेशान होना पडता है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के परकोटा में कई स्थानोें पर तारों के जंजाल बिजली पोलों पर लगे हैं व भवनों के समीप से गुजर रहे हैं। पूर्व में बिजली विभाग द्वारा क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल डालने की घोषणा की गई है, जिस पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
घूघरा घाटी में बनी पक्की सड़क का देवनानी ने किया लोकार्पण
अजमेर, 12 जुलाई। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने घूघरा घाटी में श्री यादे माता मंदिर परिसर तक जाने वाले रास्ते पर करीब 5 लाख रूपए की लागत से बनी पक्की सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने इस मौके पर पौधरोपण भी किया। काफी समय से इस रास्ते पर कच्ची व ऊबड़-खाबड़ सड़क होने से क्षेत्रवासियों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी। क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में देवनानी को ज्ञापन देकर पक्की सड़क बनवाने की मांग की थी, जिस पर देवनानी ने विधायक कोष से 5 लाख रूपए स्वीकृत किए थे। सड़क बनने से क्षेत्रवासी काफी खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने देवनानी का मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर प्रकाश प्रजापति, रमेश टेलर, रामसिंह, तेजपाल साहनी सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
उद्यान का जनसहयोग से होगा निर्माणः पंचशील, वैशाली नगर स्थित गोकुलधाम में उद्यान का जनसहयोग से होगा निर्माण होगा। देवनानी की उपस्थिति में क्षेत्रवासियों ने उद्यान बनाकर इसे पूरी तरह विकसित करने का निर्णय किया। क्षेत्रवासियों ने देवनानी का अभिनंदन भी किया। इस मौके पर पार्षद अतीश माथुर, रमेश चैलानी, प्रकाश मेहरा, भरत ओझा सहित अनेक क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।
छतरी योजना पार्क में पौधरोपणः देवनानी ने वैशाली नगर में छतरी योजना स्थित पार्क में पौधरोपण किया। उनका वहां पहुंचने पर क्षेत्रीय पार्षद रूबी जैन सहित अनेक लोगों ने स्वागत किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम शर्मा और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। यहां पौधारोपण नई पीढी के छोटे छोटे बच्चों ने किया उन्होने इन्हे नियमित जल देने का भी संकल्प लिया।