आरपीएससीः सहायक आचार्य (काॅलेज शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा, 2020
अजमेर, 22 सितम्बर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा काॅलेज शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के पदों के लिए सामान्य ज्ञान की परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए आयोग द्वारा प्रदेश के संभागीय जिला मुख्यालयों पर 448 केंद्र बनाए गए हैं। जिला कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार परीक्षा में 49374 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए, जबकि 101439 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए 150813 अभ्यर्थियों को पंजीकृत किया गया था। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों का कुल प्रतिशत 32.74 रहा। भरतपुर में परीक्षा में उपस्थित अभ्यर्थियों का प्रतिशत सर्वाधिक 36.91 तथा जयपुर में सबसे कम 30.57 रहा। अजमेर में 32.66 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। काॅलेज शिक्षा विभाग में विभिन्न विषयों के 918 पदों के लिए आयोजित करवाई जा रही परीक्षा के लिए 1 लाख 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
ऐच्छिक विषयों की परीक्षा
आयोग द्वारा ऐच्छिक विषयों की परीक्षा दिनांक 23.09.2021, 24.09.2021, 28.09.2021 से 06.10.2021 तक एवं 08.10.2021 व 09.10.2021 को प्रातः 09ः00 बजे से 12ः00 बजे एवं 02ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रत्येक ऐच्छिक विषय के लिए अलग-अलग प्रवेश-पत्र लेकर परीक्षा केन्द पर उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थी अपना प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक पर जाकर आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ट कर डाउनलोड कर सकते हैं। एसएसओ आइडी में सिटीजन ऐप्स में रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध लिंक का चयन कर प्रवेश-पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
अभ्यर्थी रखें ध्यान
परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थी को ई-एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, पारदर्शी बाॅल पेन व फोटो युक्त पहचान-पत्र लाने की ही अनुमति है। अभ्यर्थी ई-एडमिट कार्ड के साथ उपलब्ध निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। परीक्षा के दौरान किसी भी अनुचित साधन का प्रयोग करने पर अभ्यर्थी के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी की परीक्षा रद्द करने और भविष्य में आयोग की किसी भी परीक्षा में बैठने से रोकने की दण्डात्मक कार्यवाही की जा सकती है।