परीक्षा कक्षों के कैमरों को ढकने का आदेश समझ से बाहर-सरकार-देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 23 सितम्बर।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि रीट परीक्षा 2021 के परीक्षा केन्द्रों के परीक्षा कक्षों में लगी ‘तीसरी आॅख’ कैमरें को काले कवर से ढकने के आदेश देना समझ से परे का मामला है। सरकार के शिक्षा मंत्री को चाहिए कि वे परीक्षा कक्षों में कैमरों को ढकने के पीछे के मंसूबों को स्पष्ट करें।
देवनानी ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय (माध्यमिक) श्रीगंगानगर की ओर से हाल ही में आदेश निकाला गया है, जिसमें स्पष्ट लिखा है कि 26 सितम्बर को लगने वाली रीट परीक्षा 2021 के लिए जिन विद्यालयों, एवं महाविद्यालयों का परीक्षा केन्द्र के रूप में चयन किया गया है उन्हें परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा कक्षों के अन्दर लगे सीसीटीवी कैमरे को काले कवर से ढकने का प्रबंध करें इसके अतिरिक्त परीक्षा के वक्त कैमरों में बिजली की आपूर्ति भी बंद करें।
देवनानी ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा कक्षों में लगे कैमरें निश्चित ही ‘तीसरी आॅख’ का काम करती है। जो परीक्षक नहीं देख पाता है वह सब कैमरें में कैद हो जाती है। अनेक बार गडवडी सामने आने पर ये कैमरें ही प्रमाण का काम भी करते है और दोषियों के काले चिट्ठे सबके सामने रखते हैं लेकिन जिला कलक्टर का हवाला देते जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय (मा.) श्रीगंगानगर की ओर से तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ साथ परीक्षा केन्द्रों के परीक्षा कक्षों में लगे कैमरों को काले कवर से ढकने और परीक्षा के दौरान उन कैमरों में बिजली की आपूर्ति रोकने संबंधित जारी आदेश रीट परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्न चिन्ह खडे करती है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा विषय की गंभीरता को समझते हुए इस पर स्पष्टीकरण जारी करें। कैमरे बंद करने के आदेश देने के पीछे सरकार, प्रशासन एवं जिला शिक्षा अधिकारी के मंसूबे क्या है इसकी जानकारी प्रदेश के युवाओं और प्रदेश की जनता को होनी ही चाहिए।

error: Content is protected !!