पटेल ने छोटी-बड़ी रियासतों को मिलाकर पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ा, तो नेहरू ने देश को तोड़ा-देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 31 अक्टूबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कहा है कि हम ना तो गांधी का कद छोटा करते हैं और ना ही नेहरू का, लेकिन यह भी कटु सत्य है कि लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल इन दोनों से किसी भी रूप में कम नहीं थे। यह भी जगजाहिर है कि नेहरू की वजह से देश का विभाजन हुआ, किंतु पटेल ने छोटी-बड़ी 562 रियासतों को मिलाकर पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ा। आधुनिक भारत आज सरदार पटेल की देन है । भारत रत्न जो दिया है जिसको राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया । मोदी ने यूनिटी आॅफ स्टेच्यू अहमदाबाद में बनाकर राष्ट्र को समर्पित किया ।
देवनानी रविवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित पुष्पांजलि अर्पित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के असली शिल्पकार सरदार वल्लभ भाई पटेल ही थे। देश के विभाजन के समय जब जूनागढ़ और हैदराबाद रियासतें भारत में शामिल होने में आनाकानी कर रही थीं, तब पटेल को इन दोनों रियासतों को भारत में मिलाने का जिम्मा सौंपा गया था। पटेल ने इन दोनों रियासतों को भारत में मिलाने का अपना दायित्व बखूबी निभाया, लेकिन नेहरू कश्मीर के मामले में अपना जिम्मा नहीं निभा सके। यही कारण है कि आज भी कश्मीर समस्या बनी हुई है, जिसके लिए केवल नेहरू और उनका परिवार जिम्मेदार है।
देवनानी ने कहा कि सरदार पटेल ने अखंड भारत बनाने के लिए भरपूर प्रयास किए थे। यदि नेहरू ने घुटने नहीं टेके होते, तो आज भारत अखंड ही होता। छोटी-बड़ी रियासतों को मिलाकर विशाल भारत बनाने का जो काम सरदार पटेल ने किया था, वह कोई भी नेता नहीं कर सकता था, इसलिए सरदार पटेल के भारत निर्माण में योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को केवल नेहरू और उनका परिवार ही नजर आता है। यह बात देवनानी ने कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय सचिव व राजस्थान के प्रभारी विष्णु शर्मा के उस बयान पर पलटवार करते हुए कही, जिसमें कहा गया कि भाजपा के लोग केवल वीर सावरकर का महिमा मंडन कर नेहरू व गांधी का कद छोटा करने का कुप्रयास करते हैं। देवनानी ने कहा कि दरअसल कांग्रेसियों को नेहरू व उनके परिवार के अलावा और कोई नजर नहीं आता है, जबकि देश के निर्माण और विकास में अन्य अनेक नेताओं ने भी नेहरू और गांधी से कहीं ज्यादा बढ़कर योगदान दिया था, जिनमें पटेल भी एक थे।
इस मौके पर शहर भाजपा के महामंत्री व पार्षद रमेश सोनी, सुभाष जाटव, मनोज मामनानी, प्रतिभा पाराशर, वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम शर्मा, अरविंद पाराशर, योगेश व्यास, महेंद्रसिंह रावत, रचित कच्छावा, भरत मेघवाल, सुल्तान आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!