घड़ियाली आंसू बहाकर जनता को मूर्ख बना रहे हैं कांग्रेसी-देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 14 नवम्बर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कहा है कि महंगाई पर कांग्रेस केवल घड़ियाली आंसू बहाकर जनता को भ्रमित व गुमराह कर रही है। असल में महंगाई की जनक कांग्रेस है, इसके बावजूद वह जनता को प्रदेशभर में प्रदर्शन करने की नौटंकी कर रही है।
रविवार को जारी बयान में देवनानी ने कहा कि राजस्थान में महंगाई बढ़ने का मुख्य कारण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा जनता के हितों की अनदेखी कर मुनाफा कमाना रहा है। कोरोनाकाल में कांग्रेस सरकार ने दस हजार करोड़ रूपए का मुनाफा कमाया है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री गहलोत का यह रोना समझ से परे है कि प्रदेश को 18 सौ करोड़ रूपए का घाटा हो रहा है। देवनानी ने कहा कि इतना बड़ा बनावटी घाटा बताकर गहलोत केवल प्रदेश की जनता को मूर्ख बना रहे हैं। इससे उनकी यह मानसिकता जाहिर हो जाती है कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार का मुख्य ध्येय केवल मुनाफा कमाना है।
देवनानी ने कहा कि अन्य राज्यों ने पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाकर जनता को राहत दे दी है, लेकिन प्रदेश की गहलोत सरकार अभी तक वैट नहीं घटाने पर अड़ी हुई है। देवनानी ने कहा कि अन्य राज्यों के मुकाबले राजस्थान में वैट बहुत ज्यादा होने पर पेट्रोल-डीजल महंगा मिल रहा है। यदि प्रदेश सरकार वैट घटाती है, तो इसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा और महंगाई पर भी काफी हद तक अंकुश लगेगा।
देवनानी ने रविवार को प्रदेशभर में कांग्रेस द्वारा महंगाई को लेकर किए गए प्रदर्शन को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि जिस महंगाई के लिए खुद कांग्रेस जिम्मेदार है और जिस कांग्रेस की केंद्र व राज्यों में वर्षों तक सरकारें रही, अब उसी कांग्रेस के लोग प्रदर्शन कर अपनी दोहरी मानसिकता का परिचय रहे हैं। देवनानी ने कहा कि इन्हीं कांग्रेसियों ने उस वक्त प्रदर्शन क्यों नहीं किया, जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे थे। यही कांग्रेसी अब प्रदेश में अपनी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहे हैं, जो पेट्रोल-डीजल पर वैट नहीं घटा रही है। असल में कांग्रेसियों को अपनी सरकार पर वैट घटाने के लिए दबाव बनाना चाहिए।
देवनानी ने कहा कि यदि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जमाखोरों, मुनाफाखोरों और कालाबाजारियों पर अंकुश लगाया होता, तो जनता को बाजार में खाद्य पदार्थ व अन्य उपभोग की वस्तुएं महंगी नहीं मिलतीं। सरकार की नाकामी और लापरवाही के कारण जमाखोरों ने गोदामों में माल भर रखा है और वे जनता की मजबूरी का फायदा उठाकर महंगे दामों पर वस्तुएं बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जमाखोरों, मुनाफाखोरों और कालाबाजारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही कर जनता को राहत दिलानी चाहिए।

करणी नगर में देवनानी ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ
अजमेर, 14 नवम्बर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने रविवार को वार्ड 75 में करणी नगर, पंचशील में करीब दस लाख रूपए की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
इन कार्यों में करीब 240 मीटर नाली और 150 मीटर सड़क निर्माण कराने के अलावा अनेक सड़कों पर नालियों के क्राॅस बनवाए जाएंगे। देवनानी ने इस मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र विकास में कभी पीछे नहीं रहेगा। हर विकास कार्य केवल जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए कराया जाता है। इस मौके पर स्थानीय पार्षद रमेश चैलानी, पूर्व पार्षद प्रकाश मेहरा, भरत ओझा, रामचन्द्र मेगांनी, सुभाष मिश्रा, सत्यनारायण चैरसिया,शक्ति सिंह, लवलेश माथुर भाग चन्द गर्ग, सुनील लालवानी,सत्यनारायण गर्ग,बलवीर सिंह, राजेश खन्ना,विजेन्द्र सिंह,श्याम लाल लालवानी आदि भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!