लोकतंत्र में कंप्यूटर का योगदान विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता सम्पन्न

राज महाविद्यालय में साक्षरता क्लब के तत्त्वावधान में लोकतंत्र में कंप्यूटर का योगदान विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता सम्पन्न
केकड़ी 2 दिसम्बर,(पवन राठी) राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय केकडी़ में आज मतदाता साक्षरता क्लब के तत्वावधान में विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस पर मजबूत लोकतंत्र में कंप्यूटर का योगदान विषय पर वाद-विवाद का आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित छात्र छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। अधिकांश छात्रों ने माना कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया द्वारा त्वरित गति से निर्णय लेने के लिए कंप्यूटर का ज्ञान अति आवश्यक है। इस अवसर पर छात्रों ने मेरा वोट मेरी ताकत पर एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम संयोजिका डॉ अनीता रायसिंघानी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कंप्यूटर के माध्यम से लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में कार्य का सरलीकरण हो जाता है जिससे अनावश्यक समय नहीं लगता। समय पर कार्य संपादित होने पर विकास को गति मिलती है।भारत में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के द्वारा सूचना तकनीक व कंप्यूटर की शुरुआत की गई। प्राणीशास्त्र सहायक आचार्य शिखा माथुर ने भी कंप्यूटर की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए आज के लोकतांत्रिक राष्ट्रों की मजबूती के लिए कंप्यूटर को अनिवार्य माना और सभी छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में प्राचार्य पीयूष कुमार गुप्ता, समाजशास्त्र सह आचार्य चेतन लाल रेगर ,भौतिक विज्ञान सह आचार्य अनिल कुमार गुप्ता ,राजनीति विज्ञान सहायक आचार्य सुनील वर्मा ने भी छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।

error: Content is protected !!