राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने किया श्रमदान

केकडी 22 दिसम्बर(पवन राठी)
राजकीय महाविद्यालय केकड़ी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आज एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन करते हुए महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ अनिल गुप्ता सह आचार्य भौतिक शास्त्र ने श्रम सेवा कर मानव जीवन को सार्थक करने हेतु स्वयंसेवकों को प्रेरित किया। श्री गुप्ता ने राष्ट्रीय सेवा योजना के मोटो वाक्य “मैं नहीं आप” के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि यह योजना स्वामी विवेकानंद जी की शिक्षाओं का सार है। स्वामी जी का जीवन मानवता की सेवा को समर्पित रहा है उन्होंने नर सेवा को नारायण सेवा से जोड़ा और उसी से प्रेरित होकर यह वाक्य राष्ट्रीय सेवा योजना का देव यज्ञ बना। डॉ गुप्ता ने अपने व्याख्यान में महर्षि अरविंदो घोष के सर्वोदय, स्वराज और स्वदेशी बिंदुओं की संक्षिप्त व्याख्या भी की। साथ ही गांधी जी के श्रम के महत्व को दर्शाते हुए सेवा के विभिन्न आयामों से परिचित करवाया। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी, डॉ राधाकृष्णन,डॉ कोठारी और प्रोफेसर देशमुख द्वारा सेवा योजना की क्रियान्विति की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में श्री देवी लाल जोशी और डॉ शिखा माथुर ने स्वयंसेवकों को परमार्थ कार्य करने और परोपकार के गुणों को आत्मसात करने हेतु प्रेरित किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य श्री पीयूष गुप्ता ने स्वयंसेवकों को श्रमदान, परोपकार, सहयोग और सहानुभूति पूर्वक कार्य करते हुए समाज से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान के सहायक आचार्य श्री सुनील वर्मा द्वारा किया गया। शिविर में स्वयं सेवकों ने विज्ञान प्रयोगशाला परिसर में श्रम दान कर साफ-सफाई की।

error: Content is protected !!