आरपीएससीः- उपनिरीक्षक व प्लाटून कमाण्डर भर्ती परीक्षा, 2021 का परिणाम जारी

नॉर्मलाइजेशन कर जारी किया गया परिणाम
20359 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा हेतु अस्थायी रूप से उत्तीर्ण घोषित
साक्षात्कार के समय की जाएगी पात्रता संबंधी जांच

अजमेर, 24 दिसम्बर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा उपनिरीक्षक व प्लाटून कमाण्डर भर्ती परीक्षा, 2021 का परिणाम शुक्रवार को जारी किया गया। संयुक्त सचिव श्री आशुतोष गुप्ता ने बताया कि परिणाम नॉर्मलाइजेशन कर जारी किया गया है। लिखित परीक्षा के परिणामों में नाॅन टीएसपी क्षेत्र के 18787 तथा टीएसपी क्षेत्र के 1572 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा हेतु उनकी पात्रता की शर्ताें पर अस्थायी रूप से उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। माननीय न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन होने के कारण 5 अभ्यर्थियों, अनुचित साधन अपनाए जाने के कारण 9 अभ्यर्थियों तथा प्रशासनिक कारणों से 8 अभ्यर्थियों का परिणाम सील्ड कवर में रखा गया है। विस्तृत परिणाम आयोग की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। श्री गुप्ता ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा हेतु अस्थाई रूप से सफल अभ्यर्थियों की पात्रता सम्बन्धी जाँच अभी नहीं की गई है। यह जांच साक्षात्कार के समय की जाएगी। अतः अभ्यर्थी स्वयं सुनिश्चित कर लें कि वे विद्यमान नियमों के तहत पात्रता की सभी शर्तों को पूरा करते हैं अथवा नहीं। परिणाम में सफल घोषित अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए महानिदेशक एवं महानिरीक्षक पुलिस, राजस्थान, जयपुर द्वारा आमंत्रित किया जाएगा। इसका कार्यक्रम सम्बन्धित अभ्यर्थियों को उनके द्वारा ही सूचित किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर के कुल 859 पदों के लिए परीक्षा का आयोजन 13 सितंबर से 15 सितम्बर 2021 तक तीन चरणों में किया गया था। परीक्षा में लगभग 3 लाख 83 हजार 237 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे।

error: Content is protected !!