अजमेर, 6 मई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में आवेदन करने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन कराया जाना अनिवार्य है। कतिपय अभ्यर्थियों के माध्यम से यह जानकारी में आया है कि जनआधार तथा आधार कार्ड में त्रुटि होने के कारण वन टाइम रजिस्ट्रेशन में अभ्यर्थियों को समस्या आ रही है। इस संबंध में आयोग सचिव श्री एचएल अटल ने बताया कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन के लिए रिक्रूटमेंट पोर्टल पर तीन विकल्प उपलब्ध हैं। वन टाइम रजिस्ट्रेशन जन आधार या आधार या एसएसओ प्रोफाइल के माध्यम से किया जा सकता है। ऐसे अभ्यर्थी जिनके जन आधार अथवा आधार कार्ड में नाम, पिता का नाम, जन्म दिनांक तथा जेंडर का इंद्राज त्रुटियुक्त है अथवा शैक्षणिक योग्यता दस्तावेजों में अंकित विवरण से भिन्न है, इनके लिए एसएसओ प्रोफाइल के माध्यम से वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना उचित रहेगा। इसके लिए अभ्यर्थी को पोर्टल पर उपयुक्त चैक बाक्स का चयन करना होगा। इसके बाद एसएसओ प्रोफाइल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन का विकल्प प्रदर्शित हो जाएगा।
श्री अटल ने बताया कि एसएसओ प्रोफाइल के माध्यम से वन टाइम रजिस्ट्रेशन का विकल्प चुनने की स्थिति में आवेदक को मैट्रिक/समकक्ष परीक्षा की अंकतालिका/प्रमाण-पत्र एवं एक अन्य फोटोयुक्त पहचान-पत्र अपलोड करना आवश्यक है। इस संबध में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर आयोग की हैल्पडेस्क 1800-180-6127 तथा इन्क्वायरी पर दूरभाष 0145-2635212/2635200 के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।
श्री अटल ने बताया कि अभ्यर्थी द्वारा इन्द्राज किए गए स्वयं के नाम, पिता का नाम, जन्म दिनांक तथा जेंडर की जानकारी के आधार पर ही कम्प्यूटर द्वारा वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रोफाइल जनरेट की जाती है। इसलिए यह अत्यंत आवश्यक है कि इन जानकारियों को पूर्ण सावधानी के साथ भरा जाए। अभ्यर्थियों को यह सलाह दी जाती है कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन को सत्यापित करने से पूर्व इन्द्राज की गई सभी सूचनाएँ भली-भांति जांच ले। पूर्ण आश्वस्त होने के बाद ही डाटा का सत्यापन करें।
आरपीएससीः- आयोग ने जारी की विभिन्न पदों की साक्षात्कार दिनांक
अजमेर, 6 मई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा शुक्रवार को काॅलेज शिक्षा विभाग तथा तकनीकी शिक्षा विभाग में विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम जारी किया गया।
सचिव श्री एचएल अटल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार काॅलेज शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य लोकप्रशासन एवं दर्शनशास्त्र के पदों के लिए साक्षात्कार का आयोजन दिनांक 16 मई 2022 को किया जाएगा। इसी प्रकार सहायक आचार्य – वनस्पति विज्ञान के पदों के लिए साक्षात्कार दिनांक 17 मई से 20 मई 2022 तक आयोजित किए जाएंगे। तकनीकी शिक्षा विभाग में प्रवक्ता- सिविल अभियांत्रिकी के पदो के लिए साक्षात्कार का आयोजन दिनांक 23 मई से 24 मई 2022 तक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने विस्तृत आवेदन पत्र आयोग को प्रस्तुत नहीं किए है, वे अभ्यर्थी साक्षात्कार दिनांक को विस्तृत आवेदन-पत्र दो प्रतियों में मय समस्त प्रमाण-पत्रों की फोटो प्रतियों के आयोग में आवश्यक रूप से प्रस्तुत करें। विस्तृत आवेदन-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्रों को आयोग की वेबसाइट पर यथा समय अपलोड कर दिया जाएगा।
लाने होंगे मूल दस्तावेज
साक्षात्कार में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थीें अपने समस्त मूल प्रमाण-पत्र मय फोटो प्रति अवश्य साथ लाएं। इनके अभाव में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से वंचित कर दिया जाएगा। साक्षात्कार में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन की पूर्णतः पालना करनी होगी।
आरपीएससीः- सहायक आचार्य म्यूजिक (वोकल) साक्षात्कार का परिणाम जारी
अजमेर, 6 मई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक आचार्य म्यूजिक (वोकल) का परिणाम जारी किया गया। सचिव श्री एचएल अटल ने बताया कि सहायक आचार्य म्यूजिक (वोकल) प्रतियोगी परीक्षा-2020 की लिखित परीक्षा के परिणाम में अस्थाई रूप से सफल घोषित उम्मीदवारों के साक्षात्कार दिनांक 21 अप्रेल 2022 को आयोजित किए गए थे। साक्षात्कार के बाद संबंधित सेवा नियमानुसार 3 अभ्यर्थियों को मुख्य सूची में सफल घोषित किया गया है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।