सहायक जनसम्पर्क अधिकारी के पद पर नियुक्तियों की संख्या में वृद्धि करने की मांग

राजस्थान सरकार की ओर से सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में सहायक जनसम्पर्क अधिकारी के 76 खाली पदों के लिए भर्ती निकाली गई है। आम आदमी पार्टी राजस्थान सरकार के इस फैसले का विरोध करती है कि राजस्थान के सूचना एवं जनसम्पर्क जैसे संवेदनशील सरकारी विभाग में सहायक जनसम्पर्क अधिकारी पद के लिए 11 साल लम्बे अंतराल के बाद में भी मात्र 76 रिक्तियां घोषित की गईं। यानि कि पूरे राजस्थान में मात्र 76 नए जनसम्पर्क अधिकारी ही राजस्थान सरकार द्वारा फिलहाल नियुक्त किये जाएंगे। सरकार का आदेश इस बात की पुष्टि करता है कि वो न ही युवा पत्रकारों के भविष्य के बारे में सोच रही है और न ही राजस्थान जैसे विशाल प्रदेश में सूचना और जनसम्पर्क के तंत्र को मजबूत करने में रूचि रखती है। ऐसे में राजस्थान के विश्विद्यालयों में पत्रकारिता और जनसम्पर्क जैसे विषयों को पढ़ कर आये युवा पत्रकारों का क्या भविष्य राजस्थान सरकार ने सोच कर रखा है ?
यदि सरकार की और से लोकतंत्र के इस चौथे स्तम्भ को मज़बूत करने में सहायता नहीं की गई तो कितनी युवा प्रतिभाएं बेरोज़गार होने की दशा में राज्य से बाहर पलायन करने को मजबूर होंगी। नए अवसरों को खोजती हुई युवा पत्रकारों की पीढ़ी को सरकार के इस फरमान से निःसंदेह भयंकर निराशा हुई है। मात्र 76 पदों पर भर्ती करके सरकार पूरे राजस्थान में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को चलाना चाहती है , इसके नतीजे ये होते है कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा लागू की गयी विभिन्न योजनाओं की जानकारी उन लोगो तक पहुँच ही नहीं पाती जिनके लिए योजनाएं बनाई जाती हैं। ये सरकार की घोर अदूरदर्शिता का परिणाम है कि इतने कम पदों पर नियुक्ति दे कर गहलोत सरकार अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेना चाहती है।
आम आदमी पार्टी के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी युवा पत्रकारों के साथ खड़ी है और उनके हितों की पूर्ति के लिए हर संभव रूप से तैयार है।
राजस्थान की कांग्रेस सरकार से अनुरोध है कि अब भी सरकार और प्रशासन में बैठे ज़िम्मेदार लोग चेत जाएं और सहायक जनसंपर्क अधिकारी का पद प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर किया जाए , इससे युवा पत्रकारों का रुझान निष्पक्ष पत्रकारिता की ओर बढ़ेगा, तथा सरकार की योजनाओं की पारदर्शिता भी नज़र आएगी।
आम आदमी पार्टी की मांग है कि राजस्थान सरकार अपनी आँखें खोले और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग जैसे जनहितकारी विभाग में अधिक नियुक्तियां निकाल कर आम जनता और युवा पत्रकार साथियों को एक नया अवसर दे।
आम आदमी पार्टी की ओर से राजस्थान प्रदेश का मीडिया प्रभारी तथा प्रदेश प्रवक्ता होने के नाते मैं मयंक त्यागी हमेशा आप सभी पत्रकार साथियों के साथ खड़ा हूँ।

मयंक त्यागी
प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी
आम आदमी पार्टी
राजस्थान
फ़ोन : 9928111115
ईमेल : [email protected]

error: Content is protected !!