अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आज

अजमेर, 29 मई। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन सोमवार को शाम साढ़े पांच बजे वैशाली नगर स्थित सत्यम् पैलेस में आयोजित किया जाएगा। इसमें संगठन को बूथ स्तर पर और ज्यादा सक्रिय बनाने सहित विभिन्न सांगठनिक मसलों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन को पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी संबोधित करेंगे।
इस सम्मेलन में सभी बूथ अध्यक्षों के अतिरिक्त उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अधीन जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, पार्षद, शक्ति केंद्र संयोजक आदि भाग लेंगे। इसमें बूथ अध्यक्षों के घरों के बाहर लगने वाले नाम पट्टिका (नेम प्लेट) लाॅन्च की जाएगी। भाजपा ने छोटे से छोटे कार्यकर्ता को सम्मान देने के लिए बूथ अध्यक्षों के घरों के बाहर नेम प्लेट लगाने की मुहिम शुरू की है।
हालांकि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा बूथ स्तर तक है, लेकिन बूथ इकाइयों को और ज्यादा सक्रिय बनाने की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। भाजपा का मानना है कि पार्टी की नींव बूथ इकाइयां होती हैं और उनको मजबूत बनाना और सक्रिय रखना जरूरी है। बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद करने से जहां उनकी छोटी-मोटी समस्याओं का समाधान होता है, वहीं उन्हें सम्मान भी मिलता है।

error: Content is protected !!