केकडी 8 जुलाई(पवन राठी )
शहर के सूरजपोल गेट पर खारे कुएं पास ठाकुर जी भगवान व सूर्य भगवान के मंदिर के जीर्णोद्वार के बाद गुजरवाडा जाट समाज द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन शुक्रवार को विभिन्न धार्मिक आयोजनो के साथ किया गया। इस मौके पर कृषि उपज मंडी से प्रातः भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकडो महिलाओं ने सिर पर कलश सिरोधार्य कर शिरकत की वहीं जाट समाज के महिला पुरूष भजन कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा कृषि उपज मण्डी से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए आयोजन स्थल ठाकुर जी मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस मौके गुजरवाडा जाट समाज के पंचो ने ठाकुर जी के मंदिर पर पण्डित राधाशरण शर्मा के निर्देशन विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना कर स्वर्णजडित कलश की मंदिर के शिखर में स्थापना करवाई तथा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान पण्डित राधाशरण शर्मा ने विधिवत पूजा अर्चना करवाकर भगवान ठाकुर जी व भगवान सूर्य की मूर्तियो की मंदिर परिसर में स्थापना करवायी। तत्पश्चात पूर्णाहूति का आयोजन किया गया जिसमें गुजरवाडा जाट समाज के चार जोडो ने हवन यज्ञ में आहूतियां दी। हवन यज्ञ की पूर्णाहूति के बाद सामूहिक प्रसादी का आयोजन का आयोजन किया गया। इस मौके पर भूरालाल चौधरी, धर्मराज चौधरी, लालाराम चौधरी, उकार चौधरी, कैलाश, गोपाल जाट आदि धर्मावलम्बियो ने सहयोग प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि सूरजपोल गेट पर खारे कुएं के पास जीर्णशीर्ण हो चुके ठाकुर जी मंदिर का गुजरवाडा जाट समाज के लोगों ने सामूहिक सहयोग से जीर्णोद्वार का कार्य करवाया है।