अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों के श्रेष्ठ निर्णयों का राजस्व मंडल करेगा मूल्यांकन

सर्वश्रेष्ठ चयनित निर्णय के लिये पीठासीन अधिकारियों को मिलेगा सम्मान
अजमेर, 18 अगस्त/ राज्य के राजस्व न्यायालयों में उत्कृष्ट, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निर्णय लेखन की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण उद्देश्य को लेकर राजस्व मंडल की ओर से अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों द्वारा जारी किये जाने वाले निर्णयों का गुणात्मक रूप से मूल्यांकन किया जायेगा। राजस्व मंडल के स्तर पर सर्वश्रेष्ठ आधार पर चयनित निर्णय के लिये संबंधित पीठासीन अधिकारियों को राज्य, संभाग एवं जिला स्तर सम्मानित किया जाएगा।
राजस्व मंडल के अध्यक्ष श्री राजेश्वर सिंह ने बताया कि राज्य के अधीनस्थ न्यायालयों की ओर से विगत 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 की अवधि में पारित निर्णयों में से पीठासीन अधिकारी के स्तर पर स्व मूल्यांकन के आधार पर चयनित सर्वश्रेष्ठ निर्णय का चयन करते हुए उसे 31 अगस्त से पूर्व राजस्व मंडल को भिजवाना होगा। प्राप्त होने वाले निर्णयों का मंडल स्तर पर गठित समिति द्वारा समुचित मूल्यांकन किया जायेगा। मूल्यांकन के पश्चात चयनित कर निर्णय प्रदाता पीठासीन अधिकारी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा।
राजस्व मंडल के निबंधक महावीर प्रसाद ने बताया कि राजस्थान के समस्त राजस्व न्यायालयों के पीठासीन अधिकारी उनके द्वारा पारित निर्णय में से एक सर्वश्रेष्ठ निर्णय मय प्रमाणित प्रति के 31 अगस्त 2022 तक राजस्व मंडल के ईमेल आईडी [email protected] पर अथवा डाक के माध्यम से निबंधक, राजस्व मंडल, अजमेर को भिजवायेेंगे। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त निर्णय को मूल्यांकन में शामिल नहीं किया जाएगा।
पीठासीन अधिकारियों से प्राप्त निर्णयों के मूल्यांकन के पश्चात राज्य संभाग एवं जिला स्तर पर एक-एक पीठासीन अधिकारी को सम्मानित किया जाएगा जिसमें राज्य स्तर पर एक संभागीय आयुक्त, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त एवं राजस्व अपील अधिकारी को सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार संभाग स्तर पर एक जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर तथा जिला स्तर पर एक उपखंड अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर को सम्मानित किया जाएगा। राजस्व मंडल के सभी अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों से इस मूल्यांकन एवं चयन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की गई है, जिससे उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निर्णय लेखन प्रवृत्ति को प्रोत्साहित किया जा सके। ऐसे श्रेष्ठ निर्णयों को राजस्व मंडल की पुस्तिका राविरा में भी प्रकाशित किया जाएगा।
—–
78 तहसीलदार और 165 नायब तहसीलदारों के स्थानांतरण

अजमेर 18 अगस्त/ राजस्व मंडल प्रशासन की ओर से राजस्थान के 78 तहसीलदार एवं कार्यवाहक तहसीलदार तथा 165 नायब तहसीलदार एवं कार्यवाहक नायब तहसीलदारों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन आदेश जारी किए गए हैं. राजस्व मंडल निबंधक महावीर प्रसाद के अनुसार राज्यहित में किए गए यह तबादला आदेश तुरंत प्रभाव से लागू होंगे.

error: Content is protected !!