अजमेर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के द्वारा शुक्रवार को रैली निकाल कर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। महासंघ एकीकृत के प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र सिंह चौधरी के अजमेर आने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। राजस्थान कम्प्यूटर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने चौधरी का राजकीय कन्या महाविद्यालय के बाहर स्वागत किया। महासंघ जिलाध्यक्ष विजय सोनी ने बताया कि 4 जनवरी से 22 फरवरी तक राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालयों पर जागृति रैली आयोजित की जायेगी। शुक्रवार को महासंघ के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक जिला मुख्यालय पर अलख जगाओ सरकार को नींद से जगाओ कार्यक्रम के तहत आयोजित जागृति यात्रा में भाग लिया।
पत्रकारों से रूबरू हुए प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया की राज्य सरकार महासंघ से जुड़े 7 लाख कर्मचारीयों की वाजिब मांगों को पूरा करने में असमर्थ रही है। चुनावी घोषणा पत्र के मुताबिक 4 साल में भी किये गये वादे पूरे नहीं हो पाए हैं। इस दौरान कई बार धरने, प्रदर्शन और ज्ञापनों के जरीये सरकार को वादा निभाने और याद दिलाने की कोशिशें की गई लेकिन सरकार सिर्फ आन्दोलन की भाषा ही समझती है। चौधरी ने बताया कि यदि जागृति यात्रा से भी काम नहीं बना तो राज्यव्यापी आन्दोलन किया जायेगा।
