जिला कलक्टर ने की चुनाव संबंधी कामकाज की समीक्षा

अजमेर, 26 सितम्बर। जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारियों को कामकाज में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाह बी.एल.ओ. व अन्य कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करें। फार्म पेंडेंसी व घर-घर सर्वे के काम में भी गति लाएं।
जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। जिला कलक्टर ने कहा कि फार्म पेंडेंसी के कार्य को अतिशीघ्र निस्तारित करें। चुनाव में कोई भी कार्मिक लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। बी.एल.ओ. व पर्यवेक्षक को अपने-अपने क्षेत्र में काम पर लगाएं। सुपर चैकिंग व गहनता से निरीक्षण किया जाए। सभी विधानसभा क्षेत्रों में कामकाज में गति लाए। घर-घर सर्वे का कार्य जल्द पूरा करें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर स्थायी व अस्थायी कैम्प बनाया जाए।
भवन, फर्नीचर, पेयजल, बिजली, मोबाईल कनेक्टीविटी की व्यवस्था भी जांची जाए। स्वीप गतिविधियों को ज्यादा-ज्यादा से बढ़ाएं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवा, दिव्यांग व महिला संचालित मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। ईवीएम डेमोन्स्ट्रेशन सेन्टर को प्रचारित किया जाए। सी विजिल एप को भी ज्यादा-ज्यादा से लोगों तक पहुंचाया जाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत को बढ़ाना है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5 मॉडल पोलिंग स्टेशन को स्थापित करना है। इन केन्द्रों पर रंग-रोगन, पेंटिंग, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को सुनिश्चित करें। सभी पोलिंग स्टेशन पर बूथ, नाम, संख्या व अन्य जानकारियां लिखी होनी चाहिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!