पंडित रविकांत शर्मा और पूजा शर्मा द्वारा तैयार भजन संग्रह का विधानसभा स्पीकर देवनानी ने किया विमोचन
अयोध्या में श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को पुष्कर में भी यादगार बनाने के लिए “श्री राम भजन संग्रह” तैयार किया गया है। इनमें पंडित रविकांत शर्मा एवं उनकी पत्नी पूजा शर्मा ने लोकप्रिय भजनों को नए रूप में प्रस्तुत किया है। राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष प्रो. वासुदेव देवनानी ने पृथ्वीराज फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इनका विमोचन किया। खास बात है कि इन भजनों के वीडियो पुष्कर की लोकप्रिय व प्राचीन मंदिरों में तैयार किए गए हैं जिससे इनमें तीर्थ नगरी की छटा पूरे विश्व में नजर आ सकेगी।
पुष्कर के वराह घाट में बने प्राचीन राघुनाथ मंदिर के पुजारी और संस्कृति प्रचारक रवि शर्मा ने बताया कि इन भजनों को अयोध्या के नए श्री राम मंदिर को समर्पित किया गया है। संग्रह में “सीताराम सीताराम सीताराम कहिए”, “जाहि विधि राखे राम ताहि विधि रहिए”, “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे राम आएंगे”, “दास रघुनाथ का नंद सुत का सखा कुछ इधर भी रहा कुछ उधर भी रहा, मिथिला का कण कण खिला जमाई राजा राम मिला”, “आई बहार हंसते-हंसते आया, सांवल सरकार हंसते-हंसते, आदि को उच्च कोटि के वाद्य यंत्रों व संगीतकारों के साथ तैयार किया गया हैं। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष में दिवाली तो हर वर्ष आती है। लेकिन इस बार 22 जनवरी तारीख वाली जो दीपावली हम पूरे देशवासियों को मनाने का विशेष अवसर 550 वर्ष इंतजार के बाद प्राप्त हो रहा है। इसी की प्रसन्नता को व्यक्त करते हुए यह संग्रह बनाया गया है।
*अयोध्या के साथ पुष्कर की लोकप्रियता बढ़ाने के अवसर*
विधनसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी इस संग्रह के भजनों को सुना और इनकी भूरिभूरि प्रशंसा की। उन्होंने सभी को इन्हें सुनने और देश-दुनिया में प्रचारित करने का निवेदन किया। साथ ही कहा कि ऐसे भजन संग्रह अयोध्या के साथ-साथ पुष्कर की भी लोकप्रियता बढ़ाने में लाभप्रद होंगे।
पृथ्वीराज फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन और महासचिव दीपक शर्मा ने कार्यक्रम के अतिथि वासुदेव देवनानी का माला पहना कर स्वागत किया। मार्गदर्शक पूनम पांडे ने प्रशस्ति पत्र और सदस्यों नदीम खान, ऋषिराज सिंह व भगवती सिंह बारहठ ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कुसुम कुमारी शर्मा और अंजू जैन ने स्मृति चिन्ह और संजय कुमार सेठी ने बर्ड हाउस भेंट किया।