प्रोविजनल रहे 24 अभ्यर्थियों को वांछित दस्तावेज प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर
अजमेर, 19 जून। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2022 की पात्रता जांच दौरान प्रोविजनल/सशर्त रहे 24 अभ्यर्थियों को दस्तावेज प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया गया है। इन अभ्यर्थियों को प्रेस नोट जारी होने के 5 दिवस में वांछित दस्तावेज आयोग कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। अभ्यर्थियों की सूची मय वांछित दस्तावेज सूचना के आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग सचिव ने बताया कि उक्त परीक्षा के कुल 6 विषयों की विचारित सूची 8 जनवरी से 15 जनवरी 2024 तक जारी की गई थी। इन सूचियों में सम्मिलित अभ्यर्थियों की पात्रता जांच हेतु काउंसलिंग का आयोजन 5 फरवरी से 9 फरवरी 2024 तक आयोग कार्यालय में किया गया था। इस दौरान अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों की पात्रता जांच के लिए 20 फरवरी से 21 फरवरी 2024 तक पुनः काउंसलिंग का आयोजन भी किया गया था।
उपरोक्तानुसार पात्रता जांच के दौरान अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज में कमी होने के कारण संबंधित काउंटर द्वारा अभ्यर्थियों को प्रोविजनल/सशर्त किया गया था। साथ ही इन अभ्यर्थियों को 7 दिवस के अंदर आयोग कार्यालय में वांछित दस्तावेज सहित अभ्यावेदन प्रस्तुत करने हेतु तत्समय पत्र भी जारी किया गया था। इनमें से कतिपय अभ्यर्थियों द्वारा वांछित दस्तावेज स्मरण-पत्र एवं एसएमएस के माध्यम से सूचित करने के उपरांत भी अभी तक जमा नहीं करवाए गए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को इस संबंध में उनके दूरभाष पर एसएमएस के माध्यम से सूचित करते हुए आयोग द्वारा वांछित दस्तावेज प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया गया है। इसके उपरांत आयोग द्वारा इस संबंध में अन्य कोई अवसर नहीं दिया जाएगा तथा न ही ऐसे अभ्यर्थियों को अंतिम परिणाम में सम्मिलित किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।