*महावीर इन्टरनेशनल राॅयल वीरा ब्यावर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लसाड़िया में पर्यावरण एवं मृदा संरक्षण पर एक दिवसीय ड्रॉइंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन*
ब्यावर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लसाड़िया में पर्यावरण एवं मृदा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक दिवसीय ड्रॉइंग प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन महावीर इन्टरनेशनल राॅयल वीरा ब्यावर द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति संरक्षण की भावना विकसित करना और उन्हें अपनी रचनात्मक कला के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रोत्साहित करना था। विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित वीरा दीपशिखा सकलेचा, वीरा सन्ध्या बोहरा, वीरा रेनू सांड, वीरा पूजा कोठारी, वीरा विजय लक्ष्मी दक, वीरा पूनम मकाणा, वीरा कोमल मेहता, वीरा कांता पालड़ेचा, वीरा रेखा रांका, वीरा रेखा नाहटा, वीरा चांदनी बाबेल, वीरा नीता दक, वीरा रूपा कोठारी, वीरा प्रियंका खटोड़, वीरा प्रियंका कांठेड सहित अन्य गणमान्य सहयोगियों ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत चित्रों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐसे आयोजनों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और मृदा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपने रंगों और कल्पनाशक्ति के माध्यम से आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल ने चित्रों में विषय की गहराई, रंग संयोजन और कल्पनाशक्ति को अत्यंत प्रभावशाली बताते हुए सराहना की। विद्यालय प्रशासन द्वारा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लसाड़िया का समस्त स्टाफ एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रियंका खटोड़ (अध्यापिका) के सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। सभी उपस्थितजन ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरण को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया और महावीर इन्टरनेशनल राॅयल वीरा द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
दीपशिखा सखलेचा -अध्यक्ष
संध्या बोहरा -सचिव
महावीर इन्टरनेशनल राॅयल वीरा ब्यावर