‘रन फॉर स्वदेशी’ की गूंज के साथ दौड़ी वर्द्धमान की छात्राएं
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पी.जी. महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला पुलिस ब्यावर द्वारा साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया ।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा एवं पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना का स्वागत महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर.सी.लोढ़ा ने माल्यार्पण एव स्मृति चिन्ह भेट कर किया ।
पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ ने बताया कि यह पहल युवाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित, जागरूक एवं सक्षम नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय प्रयास है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को राजकॉप सिटीजन एप्प और विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना ने पुलिस कार्यप्रणाली से छात्राओं को अवगत करवाते हुए बताया कि नशा करने से व्यक्ति कई गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाता है साथ ही नशा परिवार और समाज को तोड़ने का काम करता है। इसलिए जीवन को सफल व सार्थक बनाने के लिए नशे से दूर रहना चाहिए। इस पर मंथन कर समाज के हर वर्ग को नशा मुक्ति के लिए प्रयास करना चाहिए ताकि नशीले पदार्थ के सेवन पर अंकुश लग पाए।
साइबर थाना प्रभारी भवानी सिंह ने छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, स्टॉकिंग और साइबर बुलिंग जैसी बढ़ती चुनौतियों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। इसके अतिरिक्त महिला पुलिस थाना अधिकारी विद्या मीणा ने महिलाओं से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, सुरक्षा उपायों और अपने अधिकारों के संरक्षण के विषय में भी गहनता से अवगत कराया गया। यातायात पुलिस मंगलसिंह ने यातायात नियमों पर प्रकाश डाला ।
इसी के साथ रेड रिबन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के अंतर्गत स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया । महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर.सी. लोढा ने हरी झंडी दिखाकर “स्वदेशी संकल्प दौड़” को रवाना किया और उपस्थित छात्राओं को स्वदेशी अपनाने एवं स्वदेशी जागरण का संकल्प भी दिलाया गया ।
इस अवसर पर उप रजिस्ट्रार सहकारी संस्था, ब्यावर हीरा लाल द्वारा छात्राओं को राजस्थान सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान द्वारा जारी पुस्तक का वितरण किया गया । कार्यक्रम में समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रही ।