अजमेर। अजमेर शहर व्यापार महासंघ के प्रवक्ता सीए विकास अग्रवाल एवं प्रवक्ता कमल गंगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि महासंघ के अध्यक्ष श्री किशन गुप्ता की अध्यक्षता में आज जिलाधीश महोदय, अजमेर को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन शहर में मानसून के दौरान लगातार बढ़ती जलभराव एवं बाढ़ की समस्या तथा आनासागर झील की गिरती पारिस्थितिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रस्तुत किया गया।
महासंघ के अध्यक्ष श्री किशन गुप्ता की अध्यक्षता में दिए गए इस ज्ञापन में शहर के लिए “एकीकृत बाढ़ नियंत्रण एवं आनासागर झील पुनर्जीवन योजना” लागू करने की मांग की गई। गंगवाल व अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में अजमेर में बाढ़ की समस्या केवल मौसमी नहीं रह गई है, बल्कि यह जल निकासी व्यवस्था की गंभीर खामियों का परिणाम है। साथ ही आनासागर झील का जलस्तर असंतुलन एवं प्रदूषण भी चिंता का विषय बन गया है।
ज्ञापन में तात्कालिक समाधान के रूप में शिवकुंड नाले को पुनः सक्रिय करने तथा ब्रह्मपुरी नाले की क्षमता बढ़ाने (दीवार ऊंची करने एवं गहराई बढ़ाने) की मांग की गई, जिससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या में तत्काल राहत मिल सके।
इसके अतिरिक्त स्थायी समाधान के रूप में सुझाव दिया गया कि शहर के उपचारित सीवरेज जल को आनासागर में प्रवाहित करने के बजाय उसे अन्य क्षेत्रों, विशेषकर औद्योगिक क्षेत्रों की ओर मोड़ा जाए, जिससे झील पर दबाव कम होगा और जल पुनः उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे आनासागर की प्राकृतिक पारिस्थितिकी में सुधार होगा, जल की गुणवत्ता बेहतर होगी तथा प्रवासी पक्षियों की पुनः वापसी संभव हो सकेगी।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि नालों की नियमित डी-सिल्टिंग, संकरे पुलों का पुनर्निर्माण, वैज्ञानिक हाइड्रोलॉजिकल मॉडलिंग एवं समेकित जल प्रबंधन योजना तैयार की जाए। साथ ही, इस प्रकार की योजनाओं में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
महासंघ ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उक्त प्रस्ताव पर शीघ्र तकनीकी समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे अजमेर शहर को बाढ़ से राहत, पर्यावरण संरक्षण तथा दीर्घकालीन सतत विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।
इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में किशन गुप्ता, प्रवीण जैन, राकेश डीडवानिया, नरेंद्र सिंह छाबड़ा, कमल गंगवाल, रमेश चंदीराम, शैलेश गुप्ता, सम्पत कोठारी, विजय पांड्या, राजकुमार गर्ग, राहुल टाक, कमल कुवेरा, ईशान मिश्रा, जरनैल सिंह, रमाकांत अग्रवाल, हीरालाल जीनगर, शंकर शर्मा, अमित डाणी, अशोक विजयवर्गीय, यश जैन, बालेश गोहिल आदि उपस्थित रहे।
किशन गुप्ता,
अध्यक्ष, अजमेर शहर व्यापार महासंघ
मो: 99827 19400